गांवों में लगे हैं गंदगी के अंबार, अधिकारी सुनने को तैयार नहीं
बहसूमा। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सफाई अभियान चलाने के बावजूद गांव स्वच्छ नहीं हो पा रहे हैं। गांवों में जगह-जगह गंदगी के अंबार लगे हैं। ग्रामीणों द्वारा शिकायत करने के बावजूद भी अधिकारी कुंभकर्णी नींद सोये हुए हैं।
स्वच्छ भारत मिशन और स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण के तहत हस्तिनापुर ब्लॉक की तरफ से 46 ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए अभियान चल रहा है। प्रत्येक गांव में करीब दस मजदूर लगातार तीन दिन तक पूरे गांव को स्वच्छ करने व जेसीबी मशीन से कूड़ा हटवाने का विशेष अभियान चलाया हुआ है। इसके लिए ग्राम प्रधानों व सचिवों को जिम्मेदारी दी गई है। जो सफाई कर्मचारियों को लगाकर जगह-जगह लगे गंदगी के हटवा रहे हैं। इसके बाद भी गांव स्वच्छ नहीं हो पा रहे हैं। एक बार जहां से कूड़ा हटवाया जाता है, वहां दोबारा कूड़ा न डाला जाए, इसके लिए शासन की ओर से ठोस रणनीति व व्यवस्था नहीं की है। पिछले दिनों प्रशासन ने दावा किया था कि कूड़ा हटवाकर खाली जगह पर पौधरोपण किया जाएगा। लेकिन कहीं भी पौधरोपण नहीं हुआ और न ही कूडे़दान रखवाए गए।
ठोस नीति नहीं, केवल खानापूर्ति
हस्तिनापुर ब्लॉक के गांव रहमापुर निवासी संजय बैसला, पवन यादव, तजपुरा निवासी संतरपाल गुर्जर, सदरपुर निवासी गजेंद्र जाटव, मौड खुर्द निवासी हरेंद्र उर्फ हरिया का कहना है कि उनके गांव में काफी दिनों से कूडे़ के ढेर लगे हैं। जिसकी शिकायत एसडीएम मवाना और ग्राम प्रधान से कर चुके हैं। लेकिन कूड़ा नहीं हटवाया जा रहा है। खेतों के बाहर पड़ी छोटी-छोटी कूड़ियों को हटवाकर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। शाहपुर निवासी संगरत्न जाटव, दीपचंद, मोनू ढाका व संतरपाल ढाका का कहना है कि गांव को स्वच्छ बनाने के लिए प्रशासन के पास ठोस रणनीति नहीं है। ग्राम को स्वच्छ बनाने में सहयोग कर रहे हैं। कूड़ा डालने के लिए प्रशासन को कूडे़दान रखवाने चाहिए। कूडा डालने की जगह निर्धारित नहीं होने की वजह भी इसका मुख्य कारण है। कूड़ेदानों से एकत्र कर कूड़ा निर्धारित जगह हो तो उसी जगह पर डल सकें। निर्धारित जगह नहीं होने के कारण ग्रामीणों को कूड़ा डालने मे दिक्कत आती है। कई बार अधिकारियों से कूड़ा हटवाने की मांग की जा चुकी है। ब्लॉक की अधिकतर ग्राम पंचायतों की यही स्थिति बनी है। युद्धस्तर पर चल रहा अभियान
गांवों में युद्धस्तर पर सफाई अभियान चल रहा है। लेकिन जहां कूड़ा हटवाया जाता है, ग्रामीण वहां दोबारा कूड़ा डाल देते हैं। प्रत्येक गांव में कूड़ा डालने के लिए जगह निर्धारित की गई है। कूड़ा हटवाकर जगह खाली करवाई जाएगी। वहां पौधरोपण कराया जाएगा, ताकि दोबारा कूड़ा न डाला जा सके। -रामकिशन, बीडीओ हस्तिनापुर
कच्ची शराब बनाते पकड़ा
बहसूमा। थाना प्रभारी अजय चौधरी ने बताया कि रामराज में काफी दिनो से कच्ची शराब बनाने की सूचनाएं मिल रही थीं। पुलिस ने शनिवार को रामराज निवासी कुलवंत पुत्र मक्खन सिंह को उसके घर से कच्ची शराब बनाते हुए पकड़ा। उसके पास कनस्तर, पतीला, बाल्टी, डिब्बा पाईप व लाहन बरामद कर उसे जेल भेज दिया गया है।