मवाना। पूरे प्रदेश में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मवाना नगर में विद्युत निगम के अधिकारी कुंभकर्णी नींद सोए हुए हैं। इसी का नतीजा है कि अधिकतर लोग बिना लोड बढ़वाए एसी का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं, कुछ सीधे तार डालकर एसी चला रहे हैं। जिससे विद्युत निगम को राजस्व का चूना लग रहा है।
उल्लेखनीय है कि पूरे प्रदेश में बिजली की चोरी के लिए प्रभावी ढंग से कार्रवाई की जा रही है। बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ एफआईआर तक दर्ज कराई जा रही है। मवाना नगर ऐसा है जहां ढिलाई पूर्ण तरीके से इस ओर कार्रवाई की जा रही है। जिसका नतीजा है कि नगर में धड़ल्ले से काफी लोगों ने गर्मी और उमस से निजात पाने के लिए एसी तो लगवा लिये हैं, लेकिन लोड नहीं बढ़वाया है। वहीं, कुछ ऐसे लोग हैं जिनके घरों के पास लगे खंभे उनकी पहुंच में हैं। ऐसे लोग आराम से बाक्स में तार जोड़कर एसी का आनंद ले रहे हैं। वहीं, विद्युत निगम अफसर कुंभकर्णी नींद सोये हुए हैं। इस संबंध में एसडीओ योगेंद्र बजाज का कहना है कि 26 लोगों ने लोड बढ़वाने के लिए आवेदन कर रखा है। वहीं, समय-समय पर चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। उनका कहना है कि जेई शिवम गुप्ता को निर्देशित किया जाएगा कि ऐसे लोगों को जिन्होंने बिना लोड बढ़वाए एसी चला रहे हैं या चोरी की बिजली से एसी को चला रहे हैं उनको चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
मुख्य बातें
बिना लोड बढ़वाए तथा चोरी की बिजली से चलाए जा रहे एसी
विद्युत निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी इस ओर नहीं दे रहे ध्यान