मेरठ में भाजपा विधायक संगीत सोम के प्रयासों से शहीद गांव भामौरी में जल्द ही ग्रामीणों को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से पीएचसी की सौगात मिलने जा रही है। विधायक संगीत सोम ने यह जानकारी शनिवार को कैंप कार्यालय से पशुपालन विभाग की तरफ से शुरू किए टीकाकरण अभियान के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान दी।
विधायक संगीत सोम ने बताया कि जिले में एक ही पीएचसी के लिए शासन से प्रस्ताव आया था। जिस पर शहीद गांव भामौरी का नाम चयनित कर भेजा गया था। उसे शासन से स्वीकृति मिल गई है। ग्राम पंचायत की तरफ से पांच बीघा जमीन का प्रस्ताव बनाकर तहसील पर भेजा गया।
स्वास्थ्य विभाग के जेई केके जैन से नेे बताया कि करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से पीएचसी का निर्माण होगा। एसडीएम अमित कुमार ने बताया कि ग्राम प्रधान भामौरी द्वारा पांच बीघा जमीन का प्रस्ताव पीएचसी निर्माण के लिए ग्राम पंचायत की बैठक में पास कराकर तहसील मुख्यालय भेजा था। जिस प्रस्ताव को तहसील की टीम द्वारा भूमि का निरीक्षण करने के बाद प्रस्ताव जिले पर भेज दिया है।
ग्राम प्रधान पति अजय उर्फ सोनू ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग व तहसील की टीम भूमि का निरीक्षण कर चुकी है। पीएचसी निर्माण के लिए तमाम औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। विधायक संगीत सोम के प्रयास के चलते जल्द ही गांव में पीएचसी निर्माण होने की उम्मीद जगी है।
विधायक संगीत सोम ने कहा कि कस्बे में जल्द ही रोडवेज बस अड्डा संचालित हो जायेगा। सरधना से करीब बीस जगह के लिए बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। कहा कि सरधना ने नानू मार्ग पर जल्द ही फोरलेन के निर्माण का कार्य भी शुरू किया जाएगा। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि चांदना गांव में करीब 17 लाख रुपये की लागत से सचिवालय का निर्माण कराया जा रहा है। चांदना में करीब चौबीस लाख रुपये की लागत से श्मशान घाट का नव निर्माण है।