अभियान चलाकर जब्त की डेढ़ किलो पॉलिथीन
मवाना। नगर पालिका की टीम ने शुक्रवार को नगर में पॉलिथीन रखने वालों पर शिकंजा कसने के लिए अभियान चलाया। टीम ने दो दुकानदारों के यहां से पॉलिथीन जब्त की और जुर्माना वसूला।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी हेमराज ने बताया कि शासन के आदेश पर शुक्रवार को नगर पालिका की एक टीम ने नगर को पॉलिथीन मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया। टीम ने नगर की विभिन्न दुकानों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान टीम को नगर निवासी पॉलिथीन विक्रेता मयंक के यहां से पॉलिथीन मिली। जिस पर दुकानदार से दो हजार का जुर्माना वसूला गया। इसके बाद टीम ने दुकानदार अनिल के यहां से पॉलिथीन बरामद की और एक हजार रुपये का जुर्माना वसूला। टीम ने 50 माइक्रोन से कम की लगभग डेढ़ किलो पॉलिथीन बरामद की। टीम ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में पॉलिथीन मिली तो कानूनी कार्रवाई होगी। टीम में सफाई निरीक्षक योगेश कुमार, मनोज कुमार, धनेंद्र, अनुज कुमार, सतपाल आदि मौजूद रहे।
प्रधानाचार्य को किया सम्मानित
मवाना। कृषक इंटर कालेज के प्रधानाचार्य को राज्यपाल व मुख्यमंत्री के सम्मानित करने पर शुक्रवार को नगर के एक डिग्री कालेज की प्राचार्य ने प्रधानाचार्य को सम्मानित किया।
बताते चले कि पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर प्रदेश के राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने मवाना के कृषक इंटर कालेज के प्रधानाचार्य देवेंद्र को पुरस्कार देकर सम्मानित किया था। शुक्रवार को लक्ष्मी देवी आर्य कन्या डिग्री कालेज की प्राचार्या डॉ. शक्ति साहनी ने प्रधानाचार्य देवेंद्र को सम्मानित किया। यह मवाना के लिए गर्व की बात है। उन्होंने देवेंद्र द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।