परीक्षितगढ़। नगर में अखिल विद्या समिति कार्यालय पर बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा जन जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के बारे में महिलाओं को मिलने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी।
शिविर का उद्घाटन केंद्र प्रभारी डॉ. सदीप गौतम एवं समिति के अध्यक्ष विष्णु अवतार रुहेला ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इस अवसर पर डॉ. संदीप गौतम ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना अंतर्गत उन महिलाओं को लाभ प्राप्त होगा जिन्होंने 2017 जनवरी के बाद प्रथम बच्चे को जन्म दिया या उसके बाद गर्भ से हो। वहीं, महिलाओं के टीकाकरण आदि दस्तावेज लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रजिस्ट्रेशन कराए। जिसे सरकार द्वारा पांच हजार रुपये मातृत्व लाभ पोषण के लिए प्रदान किया जाएगा। इसके लिए पति-पत्नी का आधार कार्ड और महिला का टीकाकरण कार्ड, बैंक खाते छाया प्रतिलिपि लाना आवश्यक होगा। इस अवसर पर बीसीपीएम शाह आलम, एएनएम सोनिया, डॉ. अमित वर्मा, देवीदास गौतम, सुमित वर्मा, सोनू, पूनम रुहेला, मोनी वर्मा, संतराम सैनी, डॉ. शेरूद्दीन अब्बासी मौजूद रहे।
छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म
परीक्षितगढ़। बीए की छात्रा को गांव के दो युवक बृहस्पतिवार को बहला-फुसलाकर ले गए। मवाना क्षेत्र के जंगल में दोनों ने छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती बीए की छात्रा है। वह बृहस्पतिवार सुबह कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान गांव के दो युवकों ने छात्रा को रास्ते में रोक लिया और बहला-फुसलाकर बाइक पर बैठाकर मवाना क्षेत्र के जंगल में ले गए। वहां दोनों युवकों ने छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वहीं, आरोपियों ने छात्रा को घटना की जानकारी परिजनों को देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वे युवती को नगर के आसिफाबाद तिराहे पर छोड़कर फरार हो गए। दोपहर तक छात्रा के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश की। इस दौरान छात्रा नगर के मवाना बस स्टैंड पर मिल गई। छात्रा ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इससे परिजनों के होश उड़ गए। वे पीड़ित को लेकर थाने पहुंचे।
वहीं, पुलिस आनन-फानन में दोनों आरोपियों की तलाश में जुट गई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक आरोपी पुलिए के हत्थे नहीं चढ़ सके थे। समाचार लिखे जाने तक घटना की तहरीर नहीं दी गई। इस संबंध में कार्रवाई थानाध्यक्ष रविचंद्रपाल ने बताया कि छात्रा ने सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत की है। मेडिकल परीक्षण के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अभी तक घटना की तहरीर नहीं मिली है।
छात्रों को साबुन वितरित की
परीक्षितगढ़। नगर के प्राथमिक विद्यालय नंबर 2 में स्वच्छता पखवाड़ा अंतर्गत बच्चों को सफाई के लिए साबुन वितरित की गई। जिससे बच्चों का स्वास्थ्य उत्तम रह सके । विद्यालय में सभासद देवीदास गौतम एवं प्रधानाध्यापिका मीतू रानी ने संयुक्त रूप से बच्चों को स्वास्थ्य हेतु साबुन वितरित की। इस मौके पर सहायक अध्यापक सैयद वसीम अहमद, गीता रानी, दीपिका, रेखा यादव, सीमा रानी, नौशाद आदि मौजूद रहे।