दौराला। मेरठ-मुजफ्फरनगर हाईवे पर दादरी बोर्डर पर सोमवार को मेरठ के जिलाधिकारी, एसएसपी, एसपी क्राइम समेत कई अधिकारियों ने स्वागत द्वार पर कांवड़ियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों से हालचाल पूछा और पानी की बोतलें एवं खाद्य सामग्री भी वितरित कीं। इस दौरान ड्रोन कैमरे से आसपास के क्षेत्र की निगरानी की गई।
हरिद्वार एवं गंगोत्री से जल लेकर जा रहे कांवड़ियों के स्वागत के लिए इस बार प्रशासन ने काफी इंतजाम कर रखे हैं। सोमवार को हाईवे पर मुजफ्फरनगर दादरी बोर्डर पर मेरठ प्रशासन द्वारा लगाए गए स्वागत द्वार पर सजी-धजी स्टेज बनाई गई। दोपहर लगभग साढे़ बारह बजे मेरठ के जिलाधिकारी अनिल ढींगरा, एसएसपी राजेश पांडेय, एसपी क्राइम शिवराम यादव, सीओ दौराला पंकज सिंह, दौराला इंस्पेक्टर मनोज मिश्र ने स्टेज पर पहुंचकर हरिद्वार से जल लेकर आ रहे कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मशीन से भी कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई। अधिकारियों द्वारा की जा रही पुष्प वर्षा के दौरान कांवड़ियों ने भी जमकर नृत्य किया और अधिकारियों के साथ सेल्फी ली। इसके अतिरिक्त अधिकारियों ने कांवड़ियों को पानी की बोतलें एवं खाद्य सामग्री वितरित कीं। करीब दो घंटे तक चले कार्यक्रम में अधिकारियों ने पुष्प वर्षा के साथ-साथ कांवड़ियों की सेवा भी की।
मुख्य बातें
अधिकारियों ने स्वागत द्वार पर किया कांवड़ियों का स्वागत
अधिकारियों ने कांवड़ियों को पानी की बोतलें और खाद्य सामग्री वितरित की