रेलवे ट्रैक पर मिले शव की हुई शिनाख्त
- बुधवार की शाम मटौर फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आने से हो गई थी युवक की मौत
दौराला। बीती शाम मटौर रेलवे फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई थी। देर रात मृतक के शव की शिनाख्त मेरठ टीपी नगर निवासी युवक के रुप में हुई है।
मेरठ टीपी नगर निवासी 25 वर्षीय सूरज पुत्र गजराज मटौर गांव में एक व्यक्ति के पास मजदूरी करता था और किराये के मकान में रह रहा था। बताया गया है कि बुधवार की शाम सूरज मोबाइल लीड कानों में लगाकर गाने सुनता हुआ रेलवे ट्रैक से होता हुआ दौराला कस्बे की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह एक ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। शव के क्षत-विक्षत होने के कारण उस समय मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। देर रात मृतक की शिनाख्त उसके कपड़ों में मिले आधार कार्ड से हुई। इसके बाद पुलिस ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी। मोर्चरी पहुंचे परिजनों ने शव का पीएम कराया। बृहस्पतिवार की शाम उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। सूरज की मौत से परिवार में मातम छाया है।