मवाना। पुलिस ने महिला के ससुराल वालों पर उत्पीड़न व दहेज का मुकदमा आखिरकार विधायक के हस्तक्षेप के बाद रविवार देर रात दर्ज कर लिया। पुलिस ससुराल वालों की गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है।
नगर के मोहल्ला तिहाई निवासी एक महिला ने अपने ससुराल वालों पर उत्पीड़न एवं दहेज मांगने का आरोप लगाया था। इस मामले में पुलिस ने ससुरालियों को पकड़कर बाद में छोड़ दिया था। वहीं, उल्टा मायके पक्ष के लोगों को हवालात में डाल दिया था। इस मामले की भनक जब हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक को लगी तो वह रविवार रात थाने जा पहुंचे। उनकी इंस्पेक्टर क्राइम देवेश शर्मा से तीखी नोकझोंक हुई। उन्होंने पुलिस पर पैसे लेकर गलत कार्य कराने एवं झूठे मुकदमें दर्ज कर पीड़ितों का परेशान करने का आरोप लगाया था। उन्होंने इस मामले में थाने पर ही बैठकर एसएसपी से फोन पर वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी थी। पुलिस ने विधायक के हस्तक्षेप के बाद महिला का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी एमपी सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
युवकों पर लगाया मारपीट का आरोप
मवाना। नगर के मोहल्ला निवासी एक युवक ने तीन युवकों पर अपने अज्ञात साथियों के साथ मिलकर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
इकरामनगर निवासी इमरान ने बताया कि रविवार देर रात वह अपने दोस्त के साथ बाइक पर जा रहा था। रास्ते में एक साइकिल खड़ी थी। आरोप है कि उसने साइकिल हटाने के लिए कहा तो तीन युवकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनसे जमकर मारपीट कर दी। जिसमें दोनों घायल हो गए। किसी तरह दोनों अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकले। पीड़ित ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया है।