मवाना। नगर स्थित एक फार्म हाउस में बुधवार देर रात जीएसटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सम्मेलन में क्षेत्रीय विधायक एवं कई अधिकारी भी पहुंचे।
मवाना व्यापार मंडल के तत्वावधान में बुधवार देर रात शांति फार्म हाउस में जीएसटी को लेकर सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि एडिशनल कमिश्नर वीएल सिन्हा, एडिशनल कमिश्नर आरएन पाल, ज्वाइंट कमिश्नर राकेश यादव, डिप्टी कमिश्नर विवेकानंद शुक्ल एवं संयुक्त व्यापार संघ मेरठ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता रहे। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता और व्यापारी नेता महेंद्र गर्ग ने कहा कि खुदरा व्यापारी की समस्याओं पर ध्यान देने, खाद्यान्न पर जीएसटी लागू नहीं होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जीएसटी कार्यालय पुन: मेरठ से मवाना लाना चाहिए तथा ईवे बिल की समस्या का समाधान होना चाहिए। व्यापारी नेता नवीन गुप्ता ने एकजुटता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के खाद्यान्न के ट्रकों को न रोका जाए क्योंकि इन पर जीएसटी लागू नहीं है। उन्होंने कहा कि एक करोड़ पर पेनल्टी लगाना कहां तक उचित है। हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक ने कहा कि अधिकारी बेवजह व्यापारियों को तंग न करें। उनकी समस्याओं का निवारण करें। सम्मेलन की अध्यक्षता सुरेश चंद ने की एवं संचालन डॉ. फराइम ने किया।