मवाना। नगर पालिका के गेस्ट हाउस में बृहस्पतिवार को हस्तिनापुर विधायक ने जनता दरबार में जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कराया। उन्होंने मलिन बस्तियों में कनेक्शन नहीं दिए जाने एवं खंभे न लगाए जाने की शिकायत पर अधिशासी अभियंता और एसडीओ को बुलाकर फटकार लगाई।
हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक सुबह में नगर पालिका के गेस्ट हाउस पहुंचे। उन्होंने जनता दरबार में जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने हैंडपंप, सड़क, नाली खड़ंजे आदि की समस्याएं उनके समक्ष रखीं। जिस पर उन्होंने समस्याओं का निस्तारण कराया। जनता दरबार में ढिकौली रोड मोहल्ला तिहाई के लोग भी पहुंचे। यहां प्रमोद, सुरेश, राजकुमारी, रेखा, गीता, भीमकौर, जयवीर, जसवीर, सीताराम आदि ने शिकायत की कि विद्युत अधिकारी उन्हें कनेक्शन नहीं दे रहा है। जिस कारण भीषण गर्मी में भी उन्हें अंधेरे एवं बिना पंखे के रात-दिन गुजारना पड़ रही है। इसके अतिरिक्त मोहल्ला काबली गेट निवासी बाबूराम प्रजापति एवं पूर्व सभासद जयभगवान ने भी विद्युत निगम की शिकायत रखी। इस पर विधायक दिनेश खटीक ने मौके पर अधिशासी अभियंता दीपांशु सहाय एवं एसडीओ योगेंद्र बजाज को बुलाया। उन्होंने दोनों को जमकर फटकार लगाई और तत्काल सर्वे कराकर खंभे लगवाने, तार लगाने एवं बिजली का कनेक्शन दिए जाने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता दीपांशु सहाय ने शुक्रवार से ही काम शुरू कराए जाने की जानकारी दी।
मुख्य बातें
हस्तिनापुर विधायक ने जनसमस्याओं की सुनवाई की
विद्युत निगम अफसरों को तत्काल कनेक्शन देने के निर्देश दिए