श्वेता चौधरी बनी विज्ञान घर-दो की विजेता
मोदीपुरम। भराला स्थित वेद इंटरनेशनल स्कूल में दस दिन से चल रहे विज्ञान-घर सीजन-2 का सोमवार को समापन हो गया। इस दौरान बाल वैज्ञानिकों को सम्मानित किया गया। शामली की श्वेता चौधरी विज्ञान घर-2 की विजेता बनी।
स्कूल में संचालित विज्ञान घर-2 के समापन कार्यक्रम में विज्ञान गुुरु जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक दीपक शर्मा ने विज्ञान घर में प्रतिभाग करने वाले बाल वैज्ञानिकों को प्रतीक चिन्ह, विज्ञान घर की टी शर्ट और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इलाहाबाद से आए नासा रिटर्न वरिष्ठतम वैज्ञानिक प्रो. एसपी खरे ने विज्ञान घर सीजन-2 में प्रथम स्थान पाने वाली बाल वैज्ञानिक शामली निवासी श्वेता चौधरी का नाम घोषित किया। इसके अलावा अलीगढ़ के ध्रुव को दूसरा स्थान और गाजियाबाद के रौदास ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। नौ बाल वैज्ञानिकों को मॉडल राष्ट्रीय विज्ञान प्रौद्योगिकी के लिए चयनित किया गया। कार्यक्रम में बाल वैज्ञानिकों ने हम विज्ञानी हिन्दुस्तानी राष्ट्र ध्वज फहराएंगे यही गीत दोहराएंगे गीत को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में नासा रिटर्न वैज्ञानिक प्रो. खरे ने अपने नासा के दिनों में किए गए शोध और अनुसंधान कार्यों के विश्लेषण साझा किए। नासा अमेरिका से आई लीना बोकिल ने कहा कि विज्ञान एक ऐसी कला है जो इसमें एक बार बस जाता है फिर उस पर किसी ओर का रंग नहीं चढ़ता। कार्यक्रम में जेएस एकेड़मी की प्रधानाचार्या पूनम शर्मा ने विज्ञान घर के व्यवस्थापकों को बधाई दी। स्कूल चेयरमैन अजीत कुमार ने कार्यक्रम में आए अतिथियों को पुष्प गुच्छ, प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। परमिन्दर सिंह, बेबी विहान, सलीम, मीनू तोमर, विनय वर्मा, रीना पालीवाल, भावना शर्मा, संध्या, आंचल, ऐश्वर्या, करुणा, अन्नत, आशीष आदि मौजूद रहे।
खास बातें:
- विज्ञान घर सीजन-दो का हुआ समापन
- कार्यक्रम में बाल वैज्ञानिकों को किया गया सम्मानित