मवाना। पुलिस, प्रशासन और विधायक के आदेश के बावजूद तहसील मार्ग पर साप्ताहिक पैठ ठेकेदार दुकान लगवाने से बाज नहीं आ रहा है। रविवार को भी कुछ दुकानदारों ने तहसील रोड पर ही दुकानें लगा ली थीं तथा ठेली आदि खड़ी कर ली थी। इनको बाद में पुलिस ने पहुंचकर हटवा दिया।
उल्लेखनीय है कि बीते डेढ़ दशक से अधिक समय से नगर पालिका मवाना द्वारा साप्ताहिक पैठ का ठेका केवल जूनियर हाईस्कूल के मैदान के लिए छोड़ा जाता रहा है। ठेकेदारों द्वारा नियम-कानूनों को ठेंगा दिखाकर पैठ तहसील रोड पर लगवाते आ रहे हैं। इन डेढ़ दशक में चेयरमैन बदले, सत्ता बदली, नहीं बदली तो साप्ताहिक पैठ ठेकेदार की हठधर्मिता।
इस बार शुरूआत से ही तहसील मार्ग पर साप्ताहिक पैठ की दुकान लगाए जाने का आम नागरिकों और कई स्वयंसेवी संगठनों द्वारा विरोध किया जाता रहा है। जब तब शासन-प्रशासन ने ठेकेदार पर शिकंजा कसकर कुछ समय के लिए सड़क पर लगने वाली पैठ को हटवा भी दिया। इसके बावजूद अगले सप्ताह वही पुराना ढर्रा रहा। बीते सप्ताह विधायक दिनेश खटीक ने शिकायत मिलने पर विधायक ने नगर पालिका ईओ को सड़क पर पैठ नहीं लगने के संबंध में सख्त निर्देश दिए थे। हालांकि इसका ठेकेदार पर असर नहीं हुआ। आज रविवार को फिर से कुछ दुकानदारों तथा ठेली संचालकों ने सड़क पर दुकानें लगा लीं और ठेली खड़ी कर लीं। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तथा सड़क पर लगी दुकानों और ठेलियों को हटवाया।
मुख्य बातें
रविवार को दुकानदारों ने फिर से सड़क पर लगाई पैठ
पुलिस ने बाद में पहुंचकर उन्हें हटाया