हादसे में बाइक सवार एक की मौत, एक घायल
खरखौदा/दौराला। हापुुड मेरठ रोड पर गांव अल्लीपुर के सामने अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी जिसमें बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। जिसमें एक युवक की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मेरठ के थाना मेडिकल क्षेत्र के शास्त्रीनगर के मोहल्ला कुटी निवासी संजय 40 वर्ष पुत्र सतपाल जो कि सब्जी का ठेला लगाकर परिवार का पालन पोषण कर रहा था। शनिवार को संजय मोहल्ले के ही एक युवक को अपने साथ लेकर बाइक लेकर गांव बिजौली में अपनी बहन के यहां मिलने आया था। शाम को जब संजय वापस मेरठ लौट रहा था तो जैसे ही उसकी बाइक हापुड़-मेरठ रोड पर गांव अल्लीपुर मोड के सामने पहुंची तो अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी जिसमें बिना हेलमेट के बाइक चला रहे संजय व उसका साथ दोनों ही घायल हो गए। दोनों घायलों को राहगीरों ने थ्रीव्हीलर की मदद से मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां रात्रि में उपचार के दौरान संजय ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक संजय के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी। पुलिस ने रविवार को शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक मृतक पक्ष ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। मामलेे में जब कार्यवाहक थानाध्यक्ष मेघपाल सिंह से बात की गई तो बताया कि अभी इस मामले में पीड़ित पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने सूचना के आधार पर ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
वहीं दूसरी ओर बहसूमा थाना क्षेत्र के अनसुकी गांव निवासी 38 वर्षीय धीरेंद्र पुत्र रामपाल शनिवार देर रात अपनी बाइक से खतौली से दौराला की और आ रहा था। देर रात हाइवे स्थित रूहासा कट के सामने पहुंचे तो पीछे से आ रही बड़ौत रोडवेज डिपो की एक रोडवेज बस के अज्ञात चालक ने तेजी एवं लापरवाही से चलाते हुए धीरेंद्र को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर आरोपी चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। इससे हाइवे पर एक और जाम लग गया। हादसे की सूचना पर सकौती चौकी इंचार्ज संजय सिंह मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक की जेब व बाइक के कागजात से मृतक की पहचान धीरेंद्र के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी। जिससे परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस आरोपी चालक की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।