परीक्षितगढ़। गांव नारंगपुर में कर्ज में डूबे एक किसान की बुधवार रात ह्रदय गति रुकने से मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि एक माह से तहसील का अमीन कर्ज की आरसी कटी दिखाकर कर्ज जमा करने का दबाव बना रहा था। वह एक लाख रुपये रिश्वत मांग रहा था। वहीं, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अमीन के खिलाफ कार्रवाई करने तथा मृतक का कर्ज माफ करने की मांग की है। खादर क्षेत्र खरखाली गांधी गंगा घाट पर मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
ग्राम नारंगपुर निवासी 50 वर्षीय किसान गिरवर पुत्र झुम्मन की थाना हस्तिनापुर मनोहर बधवी गांव में 25 बीघा भूमि है। गिरवर ने उक्त भूमि बंधक रखकर ओरियन्टल बैंक गांव सैनी से 15 जुलाई 2011 को ट्रैक्टर पर 8 लाख 30 हजार का लोन लिया था। किसान गिरवर कुछ समय तक खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन पोषण कर रहा था। वहीं, बैंक की किस्त टूटने पर गिरवर ब्याज समेत 13 लाख 84 हजार 4 सौ 27 रुपये का बकायेदार हो गया था। इस पर बैंक ने गिरवर की आरसी काटकर तहसील में भेज दी थी। वहीं, बुधवार देर शाम कर्ज में डूबे गिरवर के सीने में तेज दर्द होने पर हालत खराब हो गई। परिजनों ने उसे आनन-फानन में मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किसान गिरवर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि बीते एक माह से गांव का अमीन तहसील की आरसी कटी दिखाकर परेशान कर रहा था। बुधवार शाम अमीन घर आया और जमीन एवं मकान की नीलामी करने का दबाव बनाने लगा। उसने मामला रफा-दफा करने के लिए एक लाख रुपये रिश्वत की मांगी। अमीन के जाने के बाद किसान गिरवर की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इससे पत्नी शकुन्तला एवं बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके एक पुत्र एवं तीन पुत्रियां हैं। इस पर आम आदमी पार्टी के हस्तिनापुर विधान सभा क्षेत्र अध्यक्ष अनमोल कोरी, तहसील प्रवक्ता बालकिशन शर्मा, हाजी रिफाकत सहित दर्जनाें कार्यकर्ता पीड़ित परिजनों के घर पहुंचे और तहसील के अमीन राकेश गिरी पर कार्रवाई करने तथा मृतक का कर्ज को माफ करने की मांग की। इस संबंध में अमीन राकेश गिरी ने बताया कि मृतक किसान गिरवर पर बैंक का 13 लाख 84 हजार 4 सौ 27 रुपये बकाया था। उसकी तहसील से आरसी कटी हुई थी। अधिकारियों के आदेश पर एक सप्ताह पूर्व गिरवर को आरसी कटी होने की जानकारी देकर कर्ज जमा करने की बात कही थी। रिश्वत मांगने का आरोप निराधार है। किसान गिरवर का कर्ज जमा न होने से छह माह पूर्व तहसील टीम उसे साथ ले गई थी। हालांकि बीमारी के चलते जल्द कर्ज जमा करने की हिदायत देकर छोड़ दिया था। कई माह से गिरवर बीमार चल रहा था।
मुख्य बातें
ग्राम नारंगपुर के किसान ने बैंक से ले रखा था 8.30 लाख रुपये का कर्ज
तहसील के अमीन पर एक लाख रुपये रिश्वत का दबाव बनाने का आरोप
जलभराव के खिलाफ ग्रामीणों का हंगामा
परीक्षितगढ़। गांव खटकी में बीते कई माह से रास्ते में जलभराव के चलते ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने हंगामा कर रास्ता बनवाने की मांग की।
गांव खटकी में आबादी के बीच बीते कई माह से रास्ते में पानी भरा हुआ है। जिसके चलते ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को आशंका है कि रास्ते में गंदा पानी भरा होने से संक्रामण बीमारी फैल सकती है। आरोप है कि ग्रामीणों ने कई बार ग्राम प्रधान रूप गिरी से रास्ते बनवाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन प्रधान इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। बुजुर्ग महिलाएं रास्ते में पानी भरा होने के कारण फिसलर चोटिल हो चुकी हैं। गांव के दर्जनों महिलाएं एवं पुरुषों ने हंगामा कर रास्ता बनवाने की मांग की। यहां संते, शीलू, रामभूल, रामफल, जयपाल, जुगनू, सतपाल, मिन्नू, रसमी, महदो, मोनू आदि मौजूद रहे। इस संबंध में ग्राम प्रधान रूप गिरी का कहना है कि जिस रास्ते पर पानी भरा हुआ है। वहीं, आसपास के लोगों ने अतिक्रमण कर नाली बनने का विरोध कर रहे हैं। जिस कारण रास्ते में पानी भरा हुआ है। जल्द ही रास्ते का समाधान किया जाएगा।