मवाना। बिजलीघरों पर तैनात संविदा कर्मचारियों ने ईपीएफ एवं बकाया मानदेय नहीं दिए जाने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है। आरोप है कि कई बार ईपीएफ एवं मानदेय दिए जाने को लेकर ठेकेदार से मांग की जा चुकी है परंतु अब तक उन्हें इसकी प्राप्ति नहीं हुई है।
यूनियन अध्यक्ष नजीर अली एवं उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि बिजलीघरों पर तैनात संविदा कर्मचारियों का ठेकेदार उत्पीड़न कर रहा है। कर्मचारियों को दो-दो माह बाद मानदेय मिलता है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों का अब तक लगभग नौ माह का ईपीएफ ठेकेदार ने नहीं दिया है। इसके अतिरिक्त तीन माह से उन्हें मानदेय नहीं मिला है। जिस कारण उनके सामने भूखों मरने की नौबत आ गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात जून तक उन्हें ईपीएफ एवं मानदेय नहीं मिला तो वे कार्य बहिष्कार कर देंगे। इस मामले में यूनियन ने विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता को प्रार्थना पत्र सौंपकर जल्द ईपीएफ एवं बकाया मानदेय दिलाने की मांग की।