विद्युत कटौती के विरोध में हंगामा
परीक्षितगढ़। नगर में पिछले दो सप्ताह से विद्युत आपूर्ति में भारी कटौती के चलते व्यापारी व नगरवासियों में भारी रोष फैल रहा था। जिसके चलते मंगलवार को दर्जनों व्यापारी नवीन गुड़ मंडी स्थित विद्युत उपखंड कार्यालय पर पहुंचे। तथा एसडीओ का घेराव कर जमकर हंगामा करते हुए ज्ञापन देकर विद्युत आपूर्ति कराने की मांग की। भाजपा नेता अमित मोहन टीपू के नेतृत्व में व्यापारियों ने एसडीओ भ़षेक कुशवाहा का घेराव कर जमकर हंगामा किया। वहीं, व्यापारियों ने विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप से करने के लिए एक ज्ञापन एसडीओ के नाम दिया। इस दौरान व्यापारियों ने चेतावनी दी कि अगर 24 घंटे के अंदर विद्युत आपूर्ति ठीक नहीं हुई तो नगरवासी बिजली घर व उपखंड कार्यालय का ताला बंदी करने की चेतावनी दी। एसडीओ अभिषेक कुशवाहा ने जल्द नगर में 20 घंटे विद्युत आपूर्ति सुचारु करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर राम किशन बंसल, विनय गुप्ता, गौरव गर्ग, कांति गर्ग, मोहित बंसल, राजीव त्यागी, अजय गोयल, आशुतोष, संजय वर्मा सहित दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।
एडवेंचर कैंप का आयोजन
मवाना। दिल्ली ग्लोबल स्कूल में एडवेंचर कैंप के बिग बास कंपनी के संचालक सुशील देव एवं उनके सहयोगियों ने बच्चों को रेपलिंग, बर्मा ब्रिज, कमांडो लिफ्ट, केंपिंग, जिपलिन जोन का प्रशिक्षण दिया। विद्यालय चेयरमैन करुणेश भारद्वाज व डायरेक्टर डा. प्रियंका ने सभी बच्चों को प्रमाण पत्र दिए। प्रधानाचार्या अरविंद कौर ने कहा कि कैंप का उद्देश्य बच्चों के मन में ऊंचाई को लेकर जो भय होता है। उसको दूर करना तथा बच्चों का शारीरिक व मानसिक विकास करना है।