मवाना। मेरठ मार्ग के ऊपर से ईदगाह के निकट गुजरी रही हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया। इसकी चपेट में सड़क किनारे गाड़ी की मरम्मत कर रहा मिस्त्री आ गया। उसकी जान आसपास के लोगों ने बमुश्किल बचाई तथा गंभीर हालत में प्राइवेट चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। गनीमत रही कि करंट प्रवाहित हाईटेंशन तार की चपेट में कोई वाहन नहीं आया।
मवाना-मेरठ मार्ग पर ईदगाह से कुछ पहले स्थित एक विवाह मंडप के सामने हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। रविवार सुबह करीब 10 बजे हाईटेंशन लाइन का करंट प्रवाहित तार टूट गया। सड़क किनारे पर संदीप पुत्र राजवीर विद्युत निगम की गाड़ी की मरम्मत कर रहा था। वह टूटे तार की चपेट में आ गया।
संदीप ने जान बचाने के लिए छटपटाना शुरू किया तो शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़कर वहां पहुंचे तथा साहस का परिचय देते हुए किसी प्रकार संदीप को करंट प्रवाहित तार से अलग कर जान बचाई। उसे तुरंत गंभीर अवस्था में प्राइवेट चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। लोगों का कहना है कि जिस समय तार टूटा उससे चंद पल पहले ही यात्रियों से भरी एक बस इधर से गुजरी थी। यदि तार बस के ऊपर गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि टूटे तार की चपेट में कोई और नहीं आया। लोगों का कहना है कि तार जर्जर हो चुके हैं। बार-बार शिकायतों के बावजूद विद्युत निगम अफसर इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। क्रॉस हो रही लाइन के नीचे जाल आदि भी नहीं लगवाया है। बमुश्किल लोगों ने सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में थाने में तहरीर नहीं दी गई थी।
मुख्य बातें
विद्युत निगम की गाड़ी की मरम्मत कर रहा था मैकेनिक
आसपास के लोगों ने बचाकर निजी चिकित्सक के पास पहुंचाया