मोदीपुरम। गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को जहां पारा 40 डिग्री तक पहुंच गया था, वहीं शनिवार को पूरे दिन उमस ने परेशान रखा। हालांकि शाम के समय आसमान पर बादल छा गए थे, लेकिन गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। मौसम वैज्ञानिकों ने आंधी और बारिश की आशंका जताई है।
पहाड़ी क्षेत्र में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के साथ बन रहे चक्रवाती सिस्टम के चलते फिर से आंधी और बारिश के आसार हैं। कुछ स्थानों पर आंधी की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे से ऊपर हो सकती है। जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। शुक्रवार की अपेक्षा शनिवार को पारा कम रहा, लेकिन उमस के कारण गर्मी ज्यादा रही। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री व न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 56 और न्यूनतम 41 प्रतिशत दर्ज की गई। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि वेस्ट यूपी में आंधी और बारिश के आसार हैं। वहीं
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से पश्चिमी की और जाने वाली हवाएं और पश्चिम से नगालैंड की और जा रही हवाओं के बीच हो रहे टकराव से नया चक्रवात बना है। इस कारण 13 से 15 मई तक अंधड़ के साथ बारिश आ सकती है।