अपहरण के मामले में गुमशुदगी दर्ज, हंगामा
- तीन दिन पूर्व विवाहिता को भाई के घायल होने की दी गई थी सूचना
- महिला के पति ने अपहरण की आशंका के चलते दी थी तहरीर
खरखौदा। तीन दिन पूर्व महिला को उसके भाई की हादसे में घायल होने की सूचना देकर महिला का अपहरण करने के मामले में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की है। पीड़ित पक्ष ने गुमशुदगी दर्ज करने पर थाने में हंगामा किया।
तीन दिन पहले कस्बा निवासी एक विवाहिता को फोन आया कि हापुड़ निवासी उसका भाई सड़क हादसे में घायल हो गया। विवाहिता ने अपनी सास को इस मारे में बताया और सड़क हादसे में घायल भाई को हापुड़ के अस्पताल में देखने के लिए चली गई थी। बाद में जब विवाहिता का पति घर आया तो मां ने सारा वाक्या बताया। विवाहिता के पति ने ससुराल में फोन किया और घायल के बारे में जानकारी की। ससुरालियों ने किसी के घायल नहीं होने की जानकारी दी साथ ही विवाहिता को भी फोन करने से इनकार कर दिया। बाद में व्यक्ति ने पत्नी को फोन किया तो उसका फोन स्विच ऑफ आया। व्यक्ति ने मामले में पुलिस को अपहरण की अशंका जताते हुए तहरीर दी। लेकिन पुलिस ने केवल गुमशुदगी दर्ज कर मामले में इतिश्री कर ली। बुधवार को विवाहिता के ससुराल पक्ष के सैकडों लोग थाने में पहुंचे तथा मामला अपहरण में दर्ज न कर केवल गुमशुदगी दर्ज करने का जमकर विरोध किया। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने विवाहिता के मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर हापुड़ निवासी कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं पुलिस सेटिंग के चलते आरोपी पक्ष को छोड़ने का प्रयास कर रही है। इस मामले में जब एसएसआई रवि चंद्रवाल से बात की गई तो सभी आरोपों को निराधार बताया।