दो दिन में तीन लाख रुपये का बिका बासमती बीज
मोदीपुरम। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के बीज विक्रय केंद्र पर पूसा द्वारा विकसित नवीनतम प्रजापति पूषा 1612 के आधारीय बीज को लेने में किसानों में इस बार होड़ मची है। बासमती उत्पादक किसान बड़ी संख्या में बीज खरीद रहे है।
प्रगतिशील किसानों की रुचि नवीन प्रजाति पुषा 1612, पूषा 1401 पीबी-6 एवं पूषा बासमती 1509 में देखने को मिल रही है। किसानों ने उन्नत बीज खरीदकर धान की पौध रोपने की तैयारी भी शुरू कर दी है। किसानों के हित में विवि बासमती की नवीनतम प्रजातियों को सस्ती दरों पर आधारीय बीज उपलब्ध करा रहा है। निदेशक शोध डॉ. अनिल सिरोही ने बताया कि विवि अपने कार्य क्षेत्र में किसानों द्वारा उगाई जाने वाली बासमती धान की उपज बढ़ाने के लिए नवीनतम बासमती प्रजातियों के आधारीय बीज सस्ती दरों पर उपलब्ध कराने के लिए प्रयास कर रहा है। बासमती धान की उन्नत प्रजातियों पुसा 1612, पूसा सुगंध 5, पूषा बासमती 1509, पूसा बासमती 1121, पूसा बासमती 1401 पीबी-6, पूसा बासमती-1 समेत विभिन्न प्रजातियों का बीज सस्ती दरों पर किसानों को उपलब्ध कराया जा रहा है। विवि के नोडल अधिकारी बीज डा. आरबी यादव ने बताया कि विवि बासमती धान की नवीनतम उन्नत प्रजातियों के आधारीय बीज के साथ-साथ कम दिन में होने वाली अरहर नवीन प्रजाति पुषा 2001 पूसा 1992 का आधारीय बीज क्षेत्र के किसानों की मांग को देखते हुए सस्ती दरों पर किसानों को दिया जा रहा है। प्रभारी अधिकारी बीज विधायन संयत्र डॉ. एसके लोधी ने बताया कि विवि के बीज विक्रय केंद्र पर धान एवं अरहर की उन्नत प्रजातियों के बीज का विक्रय एक मई 2018 से शुरू कर दिया गया है। दो दिन में तीन लाख से अधिक का बीज अभी तक बेचा जा चुका है। बीज का विक्रय का कार्य विवि के बीज समाप्त होने तक जारी रहेगा।