लावड़ (मेरठ)। कस्बे के तीरगरान मोहल्ले स्थित एक मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से दो चचेरे भाइयों सहित तीन लोग बुरी तरह झुलस गए। उन्हें शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें एक युवक की हालत नाजुक बनी है। कस्बे में चर्चा है कि पटाखे बनाते वक्त आग लगने से हादसा हुआ, जबकि पीड़ित और पुलिस इसे गैस रिसाव से हुआ हादसा बता रही है।
घटना शनिवार दोपहर की है। तीरगरान मोहल्ले में हाजी सलीम के मकान में आग लगने से सलीम (40) उसका चचेरा भाई वसीम (30) और शोएब (20) बुरी तरह झुलस गए। परिजन तीनों को बागपत रोड स्थित आशीर्वाद नर्सिंग होम ले गए। जहां शोएब की गंभीर हालत देख उसे लोकप्रिय अस्पताल ले जाया गया।
एसओ इंचौली पंकज कुमार ने बताया कि झुलसे लोगों ने बयान में बताया कि घर के सिलेंडर में गैस रिसाव से आग लगी। उनका कहना था कि चाय बनाते वक्त हादसा हुआ था। एसओ के अनुसार मजिस्ट्रेट द्वारा भी बयान दर्ज कराए गए हैं। बकौल एसओ शोएब की हालत ज्यादा गंभीर होने की वजह से वो ठीक से बात करने की स्थिति में नहीं था।
पटाखों में आग लगने का शोर मचा
घटना के बाद कस्बे में शोर मच गया कि पटाखे बनाते वक्त आग लगने से हादसा हुआ। चर्चा फैली कि घटना के बाद धमाका भी हुआ था। एसओ ने भी बताया कि इसी तरह का शोर मचा था। लेकिन पुलिस ने घटना स्थल पर जाकर जांच की तो घर पर रखा सोफा और कुछ कपडे़ जले थे।