कॉमनवेल्थ में कांस्य पदक पर कब्जा जमाकर देश और क्षेत्र का नाम रोशन करके लौटे अंतर्राष्ट्रीय शूटर रवि कुमार का गांव पहुंचने पर बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया।
गांव भैंसा निवासी रवि कुमार पुत्र अजय कुमार ने आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में चल रहे कॉमनवेल्थ खेलों में 10 मीटर रायफल शूटिंग प्रतियोगिता में भाग लिया था। रवि ने शूटिंग में बेहतरीन प्रदर्शन करके कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। कांस्य पदक जीतने के बाद पहली बार आज देर शाम गांव पहुंचने पर रवि का फूल माला पहनाकर ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। स्वागत समारोह में पहुंचे विधायक दिनेश खटीक, एसडीएम अंकुर श्रीवास्तव, सीओ यूएन मिश्र के अतिरिक्त राफन चौराहा स्थित स्प्रिंग डेल्स स्कूल प्रबंधक मनोज रस्तोगी ने बुके देकर एवं फूल माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। रवि कुमार घर के दरवाजे पर पहुंचे तो मां खुशी के आंसू नहीं रोक सकी तथा अपने लाल को गले से लगा लिया। बहन ने आरती कर भाई का तिलक किया। इस मौके पर विलियम सिंह, भाजपा नगर अध्यक्ष सुभाष दीक्षित, अजीत सिंह, बंटी साधन, संदीप प्रधान, डॉ. विजय चौधरी, धीरज सिंह, मनोज रस्तोगी, शैवाल दुबलिश आदि सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे।
पिता ने रुपये उधार लेकर खरीदी थी रायफल
अंतर्राष्ट्रीय शूटर रवि कुमार ने बताया कि एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतना उनका लक्ष्य है। जब वह विदेश में अपने देश का राष्ट्रगान को सुनते हैं तो सीना चौड़ा हो जाता है। खुद को भारत का नागरिक होने से गौरवांवित महसूस करते हैं। उन्होंने बताया कि देहात में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उनके लिए आने वाले समय में कुछ करने की हसरत दिल में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश एवं केंद्र सरकार को खेलों को और अधिक महत्व देना चाहिए। इस दौरान रवि की बहन ऋचा ने बताया कि वे मध्यवर्गीय परिवार से हैं। उनके पिता ने पहली बार रुपये उधार लेकर रवि के लिए रायफल खरीदी थी। उनके भाई ने परिवार के साथ देश का नाम रोशन किया है। देश को उन पर गर्व है।
मुख्य बातें
गोल्ड कोस्ट में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में 10 मीटर रायफल प्रतियोगिता में कांस्य जीतकर देश का नाम रोशन किया