सरधना। तहसील मुख्यालय पर बुधवार को नाहली गांव के ग्रामीणों ने पूर्व राशन डीलर के खिलाफ प्रदर्शन किया। एक माह पूर्व जिसकी राशन डीलर की दुकान भामौरी के डीलर से अटैच की गई है। उन्होंने उस दुकान का आवंटन दोबारा से पुराने डीलर को नहीं करने की मांग की।
तहसील क्षेत्र के नाहली गांव के ग्रामीण बुधवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर तहसील मुख्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने राशन डीलर के खिलाफ हंगामा किया। उन्होंने बताया कि एक माह पूर्व जिस राशन डीलर की दुकान भामौरी के राशन डीलर की दुकान से अटैच की गई है। वह राशन डीलर दोबारा से दुकान का आवंटन कराने का प्रयास कर रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त राशन डीलर कुछ ग्रामीणों की फर्जी शिकायतें भी कर रहा है। ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम राकेश कुमार सिंह ने मामले की जांच कराकर ही राशन की दुकान का आवंटन करने की बात कही। एसडीएस राकेश कुमार सिंह के आश्वासन के बाद ग्रामीण वापस लौटे। प्रदर्शनकारियों में महिपाल सिंह, मोहर सिंह, संतराम, शीशपाल, अनिल कुमार, इमामू खां, राजी खां आदि शामिल रहे।