तहसील में एसडीएम कार्यालय के समक्ष कुछ लोगों के उकसाने पर धरनारत किसानों द्वारा बिना किसी चेतावनी के गन्ना फूंकना भारी पड़ गया। जैसे ही धरने का नेतृत्व कर रहे शौकीन गुर्जर को पुलिस ने धरना स्थल से उठाया तो उसके और साथी कार्रवाई के डर से धरना छोड़कर फरार हो गए। धरनास्थल पर रखा रह गया मात्र हुक्का। ऐसा शौकीन गुर्जर के साथ पहले भी हो चुका है।
उल्लेखनीय है कि किसान एकता संघर्ष संगठन के बैनर तले कुछ किसानों द्वारा तहसील परिसर में सांकेतिक धरना दिया जा रहा था। बुधवार को कुछ लोगों के उकसाने में आकर धरनारत चंद किसानों ने गन्ने एसडीएम कार्यालय के समक्ष जला दिए थे। गन्ना फूंकने की पहले से कोई चेतावनी नहीं दे रखी थी।
धारा 144 का उल्लंघन करने के आरोप में एसएसआई करतार सिंह ने शौकीन गुर्जर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। शौकीन बृहस्पतिवार को धरने पर कुछ किसानों के साथ बैठा था तो अपराह्न करीब 2.30 बजे पुलिस शौकीन को हिरासत में लेकर थाने ले आए। पुलिस ने शौकीन को धरनास्थल से हिरासत में लिया तो कार्रवाई के डर से वहां उपस्थित दो-तीन उसके साथी मौका देख फरार हो गए। एसएसआई ने बताया कि शौकीन ने 23 मार्च को टंकी पर चढ़ने की भी धमकी दे रखी थी। शौकीन का धारा 188 में चालान किया गया है।
मजदूर झुलसा, गंभीर
मवाना। मोहल्ला तिहाई निवासी मजदूर टीटू (29) ने नशे की हालत में आग लगाकर जीवन लीला समाप्त करने का प्रयास किया। गंभीर अवस्था में झुलस जाने पर परिजनों ने उसे सीएचसी में भरती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया।