बेकाबू कैंटर ने बच्ची को मारी टक्कर, मौत
मेरठ। घर के बाहर खेल रही सात वर्ष की बच्ची को बेकाबू कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलते ही परिजन व अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे और चालक की गिरफ्तारी की मांग को हंगामा किया। सूचना पर सीओ सदर मौके पर पहुंचे और जल्द चालक की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर परिजनों को शांत किया। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और कैंटर को थाने ले आई।
भावनपुर थाना क्षेत्र के जयभीमनगर स्थित भोपाल विहार निवासी आरती (7) पुत्री उमेश प्रजापति बुधवार को अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी बीच तेज रफ्तार से आ रहे कैंटर ने बच्ची को टक्कर मार दी। जिससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही बच्ची के परिजन अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आशुतोष कुमार और सीओ सदर मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए बच्ची के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में बच्ची के पिता ने थाने पर पहुंचकर अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी आशुतोष ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज करते हुए चालक की तलाश की जा रही है।
बेटी का शव देख मां हुई बेहोश
जयभीमनगर के भोपाल विहार निवासी उमेश पेशे से मजदूरी करता है। उसके परिवार में पत्नी कुसुम, बेटा विकास, विशाल और अमन के साथ इकलौती बहन आरती थी। जिसकी कैंटर से टक्कर के बाद मौत हो गई। बेटी का शव देखते ही मां कुसुम बेहोश होकर गिर गई। पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
रोडवेज बाइक की भिड़ंत, एक घायल
भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव दतावली निवासी विकास पुत्र रोहताश किसी कार्य से बाइक पर सवार होकर मेरठ की ओर जा रहा था। जब वह गांव दतावली गेट पार करके गढ़ रोड पर पहुंचा तो गढ़ की ओर से आ रही रोडवेज बस की चपेट में आने से वह घायल हो गया। वहीं सूचना पर पहुंचीं पुलिस ने रोडवेज को कब्जे मे लेते हुए घायल बाइक सवार को उपचार के लिए भेज दिया है।
खास बातें:
जयभीमनगर के भोपाल विहार में घर के बाहर खेल रही थी बच्ची
कैंटर को छोड़ चालक फरार