गंदगी का लगा अंबार, जीना हुआ दुश्वार
मोदीपुरम। स्मार्ट सिटी का सपना देख रहे लोगों के घरों के सामने भी सफाई नहीं हो रही है। स्वच्छ भारत अभियान को पलीता लगा निगम शहर की सफाई को लेकर गंभीर नहीं है। वार्ड 57 पल्लवपुरम के मुख्य मार्गों पर भी कूड़े के ढेर है। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अमर उजाला टीम मंगलवार को पल्लवपुरम वार्ड 57 पहुंची। यहां की सफाई व्यवस्था का हाल कालोनीवासियों से जाना तो उन्होंने निगम की पोल खोलकर रख दी। लोगों का कहना है कि वार्ड में सफाई कर्मी तो तैनात है लेकिन सफाई करने कभी नहीं आता। पल्लवपुरम के मुख्य डिवाइडर रोड से पाहैड़ा की ओर जा रहे मऊमार्ग पर गंदगी और कूडे़ के ढेर लगे है। अगर यहां से लोग निकलते है तो उन्हें मुंह पर कपड़ा लगाकर निकलना पड़ता है। गंदगी का हाल देखकर साफ लग रहा है कि यहां पर कई महीनों से कोई सफाई नहीं हुई है। पल्लवपुरम में इस वार्ड में पहले भी भाजपा का पार्षद था और अब वर्तमान में भी भाजपा पार्षद है, इसके बावजूद भी सफाई नहीं हो रही है। लोगों का कहना है कि शिकायत के बावजूद भी सुनवाई नहीं होती।
नहीं होती सफाई
पल्लवपुरम में एक नया वार्ड और बन गया है। लेकिन शहर को स्वच्छ रखने के लिए प्राथमिकता में शुमार सफाई ही यहां नहीं होती। इस वार्ड का हाल भी पुराने जैसा ही है।- प्रवीन कुमार उदय पार्क कालोनी
तैनात है पर नहीं आता सफाईकर्मी
वार्ड 57 के लिए सफाई कर्मी तो तैनात है लेकिन सफाई करने कभी नहीं आता। जिससे कालोनी में गंदगी चरम पर है। नाले चौक पड़े है। कालोनी में सफाई का उचित प्रबंधन होना चाहिए।- सरिता देवी, पल्लवपुरम फेज दो
नहीं सुनते पार्षद
नए पार्षद को बने हुए चार माह हो गए है, लेकिन अभी तक यहां सफाई व्यवस्था को नहीं सुधारा गया है। गंदगी से मच्छर पनप रहे है जो बीमारियों को दावत दे रहे है।- अर्चना चौहान एस पाकेट
डस्टबिन की भी नहीं व्यवस्था
कालोनी में सफाई की तो दूर की बात यहां कूड़ा डालने को डस्टबिन की भी व्यवस्था नहीं है। जिस कारण से कहीं पर भी कूड़ा डाल दिया जाता है। यहां से लोगों का निकलना भी दुभर हो जाता है।-गरिमा नौटियाल, उदय पार्क कालोनी
नहीं उठता कूड़ा
वार्ड में सफाई न होने के लिए निगम कर्मचारी पूर्ण रूप से जिम्मेदार है। वार्ड में जगह-जगह लगे कडे़ के ढेर भी समय पर नहीं उठते। शिकायत के बावजूद भी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता। - ओमप्रकाश पल्लवपुरम फेज दो
निजी खर्च पर कराते है सफाई
पिछले कई माह से एस पाकेट में सफाई नहीं हुई है। नया वार्ड बनने से क्षेत्रफल तो कम हो गया, लेकिन उसका लाभ जनता को नहीं मिला है। निजी खर्च पर सफाई कराई जाती है।- नीलम , एस पाकेट
खास बातें:
- पल्लवपुरम वार्ड 57 में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर
- कुछ जगहों पर निजी खर्च से होती है सफाई, डस्टबिन की भी नहीं व्यवस्था