हाइवे के कट बन रहे दुर्घटना का सबब
सरधना। मेरठ-करनाल हाइवे पर आबादी के बीच बने कट दुर्घटना का सबब बन रहे है। आए दिन कट के पास कोई न कोई हादसा होता रहता है। दबथुआ के ग्रामीणों ने कट बंद करने और ब्रेकर बनवाने की मांग की है।
हाइवे पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती है। अधिकतर दुर्घटनाएं अवैध कट के कारण हो रही है। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि करीब आठ माह पूर्व सीएचसी प्रभारी श्रीराम प्रेमी मेरठ से सरधना की तरफ आ रहे थे, दबथुवा में सड़क पार करते समय एक वृद्घ उनकी कार के सामने आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। मेरठ में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सड़क पार करते समय दबथुवा निवासी एक महिला की मौत हुई। इसी के साथ नानू के निकट भी सड़क हादसे में कई लोगों की जान जा चुकी हैं। पोहल्ली और डाहर गोटका के साथ ही बपारसी के हिंडन नदी के पुल के पास भी कई बड़ी सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। हाइवे पर कई बार ब्रेकर बनवाने की मांग को लेकर भाकियू व दबथुवा के ग्रामीण अवैध कट को बंद करने और हाइवे पर ब्रेकर बनवाने की मांग कर चुके है। यहां तक की तहसील में धरना प्रदर्शन भी कर चुके है। लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सुनवाई नहीं हुई।