जानीखुर्द। कस्बा सिवालखास में पुलिस को झगड़े की सूचना देना भाजपा नेता के लिए आफत बन गया। इस पर पुलिस ने झगडे़ की सूचना देने पर भाजपा नेता का सड़क पर अतिक्रमण करने पर चालान काट दिया। इस कार्रवाई से भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष है। वहीं, सिवाल चौकी इंचार्ज ने घटना की जांच की बात कही है।
कस्बा सिवालखास में बुधवार को दो पक्षों में किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई। झगड़ा न बढ़ जाए इसके चलते घटना की जानकारी कस्बा निवासी भाजपा नेता अनवार कुरैशी ने सिवाल चौकी पर दी। पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस घटना को लेकर कोई कार्रवाई न करके भाजपा नेता अनवार कुरैशी को सूचना देने पर डांटने लगी। इतना ही नहीं पुलिसकर्मियों ने अनवार कुरैशी की घर के बाहर खड़ी बाइक का सड़क पर अतिक्रमण बताकर चालान काट दिया। इसका भाजपा नेता ने विरोध किया तो पुलिस ने भाजपा नेता को अंजाम भुगत लेने की धमकी दी। इसके बाद भाजपा नेता ने पूरी घटना की जानकारी क्षेत्रीय विधायक जितेंद्र सतवाई को दी। इसके बाद सिवाल चौकी से कुछ सिपाही भाजपा नेता के पास गये। वह घटना को लेकर समझौते की बात करने लगे। हालांकि भाजपा नेता ने इस घटना की शिकायत मुख्यमंत्री और एसएसपी से करने की चेतावनी दी। दूसरी ओर सिवाल चौकी पर तैनात एसएसआई धनवीर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें मिली है। यदि किसी पुलिस कर्मी की गलती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।