अजराडा की दो राशन दुकानें निरस्त
- खुली बैठक में दोबारा होगा चुनाव
मुंडाली। थाना क्षेत्र के गांव अजराडा में करीब दो सप्ताह पूर्व खुली बैठक में चयनित कि गई राशन की दोनों दुकानों के प्रस्ताव को एसडीएम सदर ने शिकायत पर निरस्त कर दिया है। उन्होंने दोबारा चयनित कर प्रस्ताव कराने के आदेश दिए है।
उपजिलाधिकारी मेरठ सदर निशा ने बीडीओ खरखौदा को पत्र भेजकर निर्देशित किया है कि मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव अजराडा में 21 फरवरी को सरकारी सस्ते गल्ले के राशन विक्रेेता का चयन प्रस्ताव खुली बैठक में हुआ था जिसकी अध्यक्षता ग्राम प्रधान अजराडा इंतजार अली ने की थी। जिसमें एक दुकान कोशरजहां पत्नी शाहिद एवं दूसरी दुकान राजदा पत्नी ताहिर के नाम प्रस्ताव किया गया था परंतु भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने 22 फरवरी को एक पत्र भेजकर कल्लू पंडित निवासी अजराडा का प्रत्यावेदन संलग्न कर कहा कि गांव अजराडा के इस्ताक, तस्लीम, इस्लाउद्दीन, देवेंद्र, हाशिम, जुल्फकार आदि ने शिकायत की है कि अजराडा की सस्ता गल्ला दुकान के चयनित प्रस्ताव में धांधली हुई है। दुकान के दोबारा प्रस्ताव कराने की मांग की है।
एसडीएम सदर मेरठ निशा ने बीडीओ खरखौदा को गांव अजराडा की 21 फरवरी के चयनित प्रस्ताव को निरस्त कर दोबारा सात मार्च को ग्राम सभा की खुली बैठक कर दोनों दुकान का प्रस्ताव कराने के निर्देश दिए है। गांव में दोबारा राशन प्रस्ताव के चयन को लेकर हलचल शुरू हो गई है।