बहसूमा। गांव शाहपुर निवासी किसान के खेत में हाईटेंशन लाइन का तार गिरने से उठी चिंगारी से तीन बीघा ईख जलकर नष्ट हो गई। पीड़ित किसान ने थाने में तहरीर दी है।
ग्राम शाहपुर निवासी किसान ब्रह्मपाल पुत्र रतिराम ने बताया कि उसके खेत शाहपुर के जंगल में स्थित है। उसके गन्ने के खेत के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। आरोप है कि उसने विद्युत निगम के अधिकारियों से कई बार जर्जर तार बदलवाने की मांग की है। हालांकि तार नहीं बदला गया। रविवार दोपहर में उसके खेत के ऊपर से गुजर रही जर्जर अवस्था में हईटेंशन तार टूटकर गिरने से उठी चिंगारी से तीन बीघा ईख जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर रिपोर्ट दर्ज की है।
शांतिभंग में तीन का चालान
बहसूमा। पुलिस ने क्षेत्र के गांवों से अलग-अलग मामलों में तीन युवकों को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर दिया है। पुलिस ने बताया कि माखनगर निवासी दो सगे भाई जगजीवन एवं उमेश का काफी समय से घर के विवाद को लेकर रंजिश चल रही है। आए दिन उनमें गालीगलौज के बाद मारपीट हो जाती है। पुलिस ने उक्त दोनों भाइयों का शांतिभंग मेें चालान कर दिया है। वहीं मौड़ निवासी जोनी पुत्र धर्मपाल शराब पीकर चौराहे पर खड़ा होकर गालीगलौज एवं हुड़दंग मचाता है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।