मवाना। तहसीलदार अमित कुमार भारतीय ने बताया कि नगर में 40 बूथों पर बीएलओ इस समय कार्यरत हैं। वे वोटर लिस्ट में नाम सही करने और जोड़ने का कार्य करने के साथ नई वोट बना रहें हैं। करीब सभी बूथों पर लोगों ने पहुंचकर नई वोट बनवाई। उन्होंने वोटर लिस्ट में नाम गलत होने पर उसे दुरुस्त कराया। तहसीलदार का कहना है कि मवाना तहसील में 550 बूथों पर बीएलओ कार्यरत हैं।
महिला का पर्स चोरी
मवाना। रविवार को लगने वाली साप्ताहिक पैठ में एक महिला का पर्स चोरी हो गया। महिला ने दुकानदार पर आरोप लगाया तथा थाने पहुंचकर शिकायत की।
प्रत्येक सप्ताह की तरह रविवार को लगी पैठ में नगर निवासी एक महिला सामान खरीदने पहुंची। वह एक व्यापारी से सामान खरीदने लगीं। महिला रुपये देने के बाद सामान थैले में रखकर चलने को तैयार हुई। महिला का पर्स चोरी हो गया। महिला ने दुकानदार पर आरोप लगाते पैठ में तैनात पुलिसकर्मी से शिकायत की। पुलिसकर्मियों ने दुकानदार से पूछताछ की तथा दुकान में चेकिंग की। कोई पर्स नहीं मिलने पर महिला ने थाने पहुंचकर एसएसआई से शिकायत की। एसएसआई भरतलाल शाह का कहना कि लिखित रूप में तहरीर आने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घर में घुसकर मारपीट की
मवाना। नगर के मोहल्ला मुन्नालाल निवासी एक महिला ने चार लोगों पर लाठी-डंडे से मारपीट करने की तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मोहल्ला मुन्नालाल निवासी महिला नस्सो पत्नी स्वर्गीय मोहम्मद साबिर ने बताया कि उनके पड़ोस का एक युवक दूसरे घर में घुस गया था। इस पर उसका पुत्र भी पड़ोसियों के साथ थाने चला गया था। इस पर आरोपी चाराें लोग़ लाठी डंडे और तमंचे लेकर उसके घर में घुस आए। वे गालीगलौच करने लगे तथा विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। जिसमें उसका पुत्र इरशाद घायल हो गया। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपी मुन्ना, नईम, नदीम एवं मोनू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। इस संबंध में दूसरे पक्ष ने भी पांच लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट एवं पथराव करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।