अमर उजाला ब्यूरो
दौराला।
मध्य प्रदेश के मुरैना से मक्का लेकर मुजफ्फरनगर जा रहे एक ट्रक को सकौती फ्लाईओवर पर दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे ट्रक पुल के बीच फंस गया। इसकी जानकारी पाकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत वहां पहुंच गए। वे ट्रक में भरी मक्का की बोरियों को उठाकर ले गए। हालांकि बाद में चालक ने थाने में तहरीर दी है।
मध्य प्रदेश के मुरैना निवासी लक्ष्मण सिंह दस टायरा ट्रक में मक्का की लगभग 400 बोरियों को लेकर मुजफ्फरनगर जा रहा था। घने कोहरे के चलते चालक सकौती फ्लाईओवर के ऊपर ट्रक रोककर अलाव के पास खड़ा हो गया। इसी दौरान दूसरे ट्रक ने खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। जिससे ओवर ब्रिज पर खड़ा ट्रक गिर कर दोनों पुलों के बीच लटक गया। इससे मक्का की बोरियां भी नीचे गिर गईं। इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों को मिली तो वे मक्का की बोरी ले गए। सूचना पाकर पुलिस और टोलवे कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने किसी तरह ट्रक को बाहर निकाला। बाद में पीड़ित चालक ने मक्का की बोरी ले जाने वाले ग्रामीणों के खिलाफ अज्ञात में तहरीर दी है। वहीं, एसओ दौराला नीरज मलिक ने बताया कि ट्रक को क्रेन की मदद से बाहर निकाल लिया था। वहीं तहरीर के आधार पर जांच करके कार्रवाई की जाएगी।