पेड़ से टकराई अनियंत्रित कार कोचिंग संचालक की मौत, दो घायल
मोदीनगर। बृहस्पतिवार को हुए एक सड़क हादसे में गड्ढा बचाने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। जिसके चलते कार में सवार एक कोचिंग संचालक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
मेरठ की मोहनपुरी कालोनी निवासी कृष्ण कुमार पुत्र सोमपाल कोचिंग संचालक है। बुधवार को कृष्ण कुमार कार द्वारा अपने दो दोस्तों के साथ गाजियाबाद एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। बृहस्पतिवार को वापस लौटने के दौरान एसआरएम यूनिवर्सिटी के निकट हाइवे पर बने गड्ढे बचाने के प्रयास में उसकी कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। पेड़ से टकराने के चलते कार दो भागों में बंट गई। मौके पर मौजूद छात्रों ने घायलों को किसी प्रकार कार से बाहर निकाला। इस दौरान कार चालक कृष्ण की मौके पर मौत हो गई। जबकि उसके साथी मनीष व बसंत निवासी सोफिसपुर मेरठ गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनो की हालत गंभीर बनी हुई है।
फिर जानलेवा साबित हुए सड़क के गड्ढे:
दिल्ली-मेरठ हाइवे पर बने गड्ढे आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं। लगभग हर दूसरे दिन वाहन चालक इन जानलेवा गड्ढों की चपेट में आकर घायल हो रहे हैं। अभी पिछले हफ्ते ही शनिवार को मुरादनगर में गड्ढे के चलते बाइक से गिरकर बस की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई थी। बृहस्पविार का हादसा भी गड्ढे बचाने के प्रयास में हुआ है। जिम्मेदार सिस्टम की अनदेखी के चलते हाइवे के गड्ढों ने एक बार फिर से सड़क को हत्यारन बना दिया है।