मवाना। गांव राफन के प्रधान ने ग्रामीणों के साथ पेपर मिल पर जाकर दूसरे दिन सोमवार को भी हंगामा किया। उन्होंने मिल के बायलर से हो रहे प्रदूषण पर रोष जताया। मिल प्रबंधन ने फिर से ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया।
दूसरे दिन फिर से गांव राफन के प्रधान जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में काफी संख्या में ग्रामीण दोपहर में पेपर मिल पहुंचे तथा हंगामा कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि मिल के बायलर से फैल रहे प्रदूषण के कारण ग्रामीणों का जीना दुश्वार हो गया है। उनका कहना था कि मिल के बायलर से काफी राख उड़कर गांव पहुंच रही है। जिससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। आंखों में राख गिरने से रोशनी भी प्रभावित हो रही है। साथ ही उनकी फसल भी बर्बाद हो रही है। ग्रामीणों का हंगामा देख मिल अधिकारी गेट पर पहुंचे तथा उन्हें समझा-बुझाकर लौटा दिया। मिल अधिकारी ने बताया कि मिल ने प्रदूषण रोकने के लिए मशीनों का आर्डर दिया हुआ है। उनके आने में कुछ समय लगेगा। मशीन आते ही प्रदूषण नियंत्रित हो जाएगा। इसके बाद ग्रामीण शांत होकर लौट गए।