कांवड़ यात्रा के लिए साइकिल पुलिस भी शहर में उतर गई। मंगलवार को डीएम अनिल ढींगरा और एसएसपी राजेश पांडेय ने पुलिसकर्मियों को साइकिल के साथ जैकेट भी दी। उसके बाद डीएम और एसएसपी साइकिल से शहर में निकले।
एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि 40 पुलिसकर्मियों को साइकिल दी गई हैं। शहर के अंदर इन साइकिल पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रहेगी। कांवड़ यात्रा में जब वनवे व्यवस्था हो जाएगी और सड़क के एक साइड में कांवड़िये चलेंगे तो ऐसे में कांवड़िये बीच में सड़क पर लेट जाते हैं या अन्य परेशानी हो जाती है। जिसमें कांवड़ियों के मार्ग पर कोई भी मोटर वाहन नहीं जा सकता। ऐसे में साइकिल से पुलिसकर्मी अंदर पहुंच सकेंगे। शहर में मोदीपुरम से जीरो माइल, बेगमपुल से मेट्रो प्लाजा, मेट्रो प्लाजा से टीपीनगर गेट तक सबसे ज्यादा साइकिल पुलिस की आवश्यकता पड़ेगी। प्रत्येक पुलिसकर्मी जो साइकिल पर रहेंगे, उनकी एक अलग जैकेट रहेगी।
आरआरएफ के साथ कांवड़ पटरी मार्ग
एसपी देहात राजेश कुमार ने रात को आरआरएफ के साथ कांवड़ पटरी मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था चेक की। नानू नहर पुल पर एक दरोगा और तीन सिपाही ड्यूटी प्वाइंट पर नहीं मिले। एसपी देहात ने सीओ से रिपोर्ट मांगी है। एसपी ने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से कांवड़ पटरी मार्ग संवेदनशील है। यदि कोई भी पुलिसकर्मी ड्यूटी से गायब मिला तो सीधे कार्रवाई की जाएगी।