बच्चे बेचने वाले गैंग के महिला सहित छह सदस्य गिरफ्तार
सहारनपुर। पुलिस ने डेढ़ साल के बालक का अपहरण करने वाले गैंग का भंडाफोड़ करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है। आरोपी फोटो वायरल होने के कारण बच्चे को जंगल में छोड़कर फरार हो गए थे। आरोपियों के पास दो बाइक और हथियार बरामद हुए हैं। गैंग के सदस्य पहले भी कुछ बच्चों को अगवा कर बेच चुके हैं। इस मामले में पुलिस को एक गांव प्रधान समेत दो लोगों की तलाश है।
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि 14 जुलाई को गांव ढमोला से दो बाइक सवार युवक साजिया की गोद से उसके डेढ़ वर्षीय भाई आशियान को छीनकर फरार हो गए थे। बच्चे के पिता इंतजार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया था। शुक्रवार शाम देहात कोतवाली पुलिस और स्वॉट टीम ने ढमोला नदी के पास बने एक औषधालय से बच्चा चोरी करने की योजना बना रहे एक महिला सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि दो आरोपी फरार हो गए। आरोपियों के पास से दो बाइक, तीन तमंचे और दो चाकू बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने आशियान को अगवा करना स्वीकार किया। इस गैंग का लीडर मेरठ के दौराला का रहने वाला मोहित उर्फ अमित बताया गया है। सहारनपुर और बागपत के अन्य साथियों के साथ मिलकर यह गैंग बच्चों को चोरी या अगवा कर बेचने का काम करता है।
---
नौ लाख में बेचने की थी तैयारी, पहले भी कई बच्चों को बेच चुके
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बच्चे को नौ लाख रुपये में बेचना था। लेकिन जिस पार्टी से डील हुई थी, उन्हें पांच माह का बच्चा चाहिए था। इसलिए डील कैंसिल हो गई। इसी बीच पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनके गैंग के दोनों सदस्यों की फोटो वायरल कर दी। पकड़े जाने के डर से वह गागलहेड़ी क्षेत्र में भगवान रोड पर बच्चे को फेंककर फरार हो गए थे। इससे पहले वह पानीपत से एक बच्चे का अपहरण कर चुके हैं। इस नानौता पुलिस ने बरामद कर लिया था। बच्चे को अगवा करने के बाद महिला उसकी देखभाल करती थी। अगर बच्चा परेशान करता था तो उसे नशे का इंजेक्शन देकर बेहोश कर देते थे। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी अब कई बच्चों अगवा कर बेच चुके हैं, जिसकी जांच की जा रही है।
---------------------------------------
इन आरोपियों को हुई गिरफ्तारी
किरणदास निवासी जानखेड़ा, रामपुर मनिहारान।
-- रियासत निवासी खानपुर गुर्जर कोतवाली गंगोह।
-- गैंग लीडर मोहित उर्फ अमित निवासी ग्राम नगली थाना दौराला मेरठ।
-- सुशील निवासी करौली थाना भगवानपुर।
-- उमेद निवासी सरूरपुर, बागपत।
-- सुनीला उर्फ सरिता पत्नी सुरेंद्र सिंघल निवासी मोरगंज बाजार कोतवाली नगर।
------------------------------------------
ग्राम प्रधान सहित दो सदस्य कराते थे डील
सहारनपुर। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपियों के फरार दो साथी बच्चे को बेचने के लिए दलाली करते थे। इनमें एक ग्राम प्रधान भी है। गैंग के सदस्य जब बच्चा अगवा या चोरी करके लाते थे तो वहीं दोनों बेचने के लिए पार्टी से डील करते थे। बच्चे को छह से नौ लाख रुपये में बेच देते थे।
--------------------------------------------
पकड़ी गई महिला पहले भी जा चुकी है जेल
सहारनपुर। एसपी सिटी ने बताया कि सुनीता पहले भी बच्चा चोरी के आरोप में जेल जा चुकी है। 2016 में उसे नगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। गैंग के सदस्य पड़ोसी जनपदों और गांवों से बच्चों को चोरी कर लाते थे।