मेरठ के समीर चौधरी का इंडिया की अंडर-19 टीम में चयन
मेरठ। क्रिकेट में मेरठ को एक उपलब्धि मिली है। रोहटा रोड स्थित सलाहपुर गांव निवासी समीर चौधरी का इंडिया की अंडर-19 टीम में चयन हुआ है। टीम अगले सप्ताह श्रीलंका में शुरू होने वाली वन-डे सीरीज में प्रतिभाग करेगी।
बृहस्पतिवार को बीसीसीआई द्वारा श्रीलंका दौरे के लिए वेबसाइट पर टीम की घोषणा की। परिजनों के मुताबिक समीर चौधरी दस साल की उम्र से भामाशाह पार्क में क्रिकेट की प्रैक्टिस कर रहा था। पिता परविंदर चौधरी विद्युत निगम में प्राइवेट कांट्रेक्टर हैं। चार भाई- बहनों में दूसरे नंबर के समीर चौधरी ने क्रिकेट के शौक के चलते दसवीं कक्षा के बाद पढ़ाई नहीं की। समीर बायें हाथ के बल्लेबाज हैं। कोच संजय रस्तोगी के मुताबिक समीर अभी तक यूपी की अंडर-19 टीम में थे। बताया कि अंडर-19 कूच विहार ट्रॉफी में समीर ने कुल 550 रन बनाए। जिसमें सर्वोत्तम 110 रन हैं। फिलहाल जोनल क्रिकेट ऐसोसिएशन द्वारा हिमाचल में आयोजित मैचों में समीर ने 300 रन बनाए। इसमें सर्वश्रेष्ठ 130, 90, 53 रन रहे। कोच संजय रस्तोगी ने बताया कि यह समीर की दस वर्ष की कड़ी मेहनत का नतीजा है। जिला क्रिकेट संघ व अन्य अधिकारियों व कोच ने समीर को बधाई दी। वहीं परिवार के सदस्यों व ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई।
घर में ही नेट पर प्रैक्टिस
इंडिया की अंडर-19 टीम में चयनित समीर श्रीलंका में 11 जुलाई से 11 अगस्त के बीच होने वाली ओडीआई सीरीज में खेलेंगे। परिजनों के मुताबिक समीर का मन हमेशा से क्रिकेट में रहा है। क्रिकेट में कॅरियर बनाने में पिता व अन्य परिवार के सदस्यों को योगदान रहा। पिता ने समीर के लिए क्रिकेट प्रैक्टिस के लिए घर में ही नेट बनाया। वहीं व्यायाम के लिए भी जिम व पूल बनाया हुआ है।