अनाधिकृत निर्माण पर पराग दुग्ध, संघ को 379 लाख का नोटिस
मेरठ। पराग दुग्ध सहकारी संघ गगोल परिसर में अनाधिकृत निर्माण करने पर एमडीए ने पराग को 379 लाख रुपये का नोटिस भेज दिया है। साथ ही धनराशि जमा करने से पहले निर्माण कार्य पर रोक लगाए रखने के निर्देश दिए हैं। उधर पराग के अधिकारियों की माने तो मार्च में ही एमडीए को धनराशि जारी कर दी जाएगी।
पराग दुग्ध संघ गगोल परिसर में नया प्लांट बनाया जा रहा है। निर्माण कार्य शुरू करने से पहले पराग दुग्ध संघ को एमडीए के खाते में विकास शुल्क 379 लाख रुपये जमा करना था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इस पर एमडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर एमडीए अधिकारियों ने निर्माण को अनाधिकृत बताते हुए कार्य रुकवा दिया। वहीं शमन शुल्क जमा करने के निर्देश दिए। नोटिस के बीस दिन बाद भी पराग दुग्ध संघ ने एमडीए को धनराशि जमा नहीं की और निर्माण कार्य भी चल रहा है। इस संबंध में पराग दुग्ध सहकारी संघ गगोल के महाप्रबंधक एससी वर्मा का कहना है कि एमडीए ने विकास शुल्क का नोटिस भेजा है। जिसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है। 31 मार्च से पहले धनराशि एमडीए के खाते में पहुंच जाएगी।
खास बातें:
एमडीए ने की कार्रवाई, निर्माण कार्य रोकने के निर्देश
विकास शुल्क जमा किए बगैर ही खड़ी कर दिया नया प्लांट