पहले से चालू एस्केलेटर का सांसद ने किया लोकार्पण
मेरठ। बिना तकनीकी स्टाफ के ही चलाए जा रहे सिटी स्टेशन के एस्केलेटर का सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने शनिवार को औपचारिक लोकार्पण कर दिया। दिल्ली से पहुंचे एडीआरएम (इंफ्रास्ट्रक्चर) ने कहा कि जल्द ही एस्केलेटर हैंडल करने वाले स्टाफ की नियुक्ति की जाए। वहीं सांसद ने मेरठ-पानीपत व हस्तिनापुर रेलवे लाइन के लिए प्रयास करने की बात कही है।
मेरठ सिटी स्टेशन पर तत्कालीन रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने 2.58 करोड़ रुपये की लागत से दो लिफ्ट और एक एस्केलेटर बनाने को कहा था। प्लेटफार्म नंबर एक पर एक लिफ्ट और प्लेटफार्म नंबर दो पर एक एस्केलेटर व एक लिफ्ट गत पांच महीने पहले तैयार कर दिए गए थे। दोनों लिफ्ट तभी से चल रही है। एस्केेलेटर को भी ट्रायल के बाद कभी भी चालू कर दिया जाता था। लेकिन तकनीकी स्टाफ के नहीं मिलने से इसे निरंतर नहीं चलाया जा रहा था। शनिवार को सिटी स्टेशन परिसर में लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने एस्केलेटर और दोनों लिफ्ट का लोकार्पण किया। इस मौके पर सांसद ने कहा कि मेरठ से टपरी तक ट्रैक दोहरीकरण कार्य तेजी से चल रहा है। मेरठ से पानीपत और मेरठ से हस्तिनापुर के लिए प्रस्तावित रेल लाइन के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही दोनों परियोजनाओं का सकारात्मक परिणाम सामने आएगा। नौचंदी व संगम एक्सप्रेस की लेटलतीफी को भी दूर किया जाएगा।
दिल्ली से पहुंचे एडीआरएम (इंफ्रास्ट्रक्चर) राजीव धनकड़ ने कहा कि एस्केलेटर को संचालित करने के लिए जल्द ही तकनीकी स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी। इस मौके पर कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, जिलाध्यक्ष शिव कुमार राणा, महानगर अध्यक्ष करुणेश नंदन गर्ग, पूर्व मेयर हरिकांत अहलूवालिया, बिजेंद्र अग्रवाल, सरदार दलजीत सिंह, हर्ष गोयल के अलावा स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा, आईओडब्लू विजय शर्मा, सीएचआई बिलेंद्र बालियान, आदि मौजूद रहे।
फोटो खिंचाने की होड़ में धक्का मुक्की
मेरठ। फोटो खिंचाने की होड़ में एस्केेलेटर पर चढ़े भाजपाइयों में इस कदर धक्का मुक्की हुई कि एडीआरएम तक गिरने से बाल-बाल बचे। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए रेलवे स्टाफ ने एस्केलेटर को बंद कर दिया। सांसद राजेंद्र अग्रवाल और विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल ने उत्साही कार्यकर्ताओं को फटकार लगाई। इसके बाद ही मामला शांत हुआ। सिटी स्टेशन पर एस्केेलेटर के लोकार्पण कार्यक्रम में काफी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं पहुंचे थे। लोकार्पण के बाद एस्केलेटर चलाया गया तो भाजपाई उस पर चढ़ गए। एस्केलेटर से जब भाजपाई नीचे आ रहे थे तो मीडिया को सामने से फोटो खींचते देख आगे आने की होड़ मच गई। धक्का मुक्की होने पर एस्केलेटर पर खड़े एडीआरएम राजीव धनकड भी गिरने से बचे।