तानों से तंग आकर दुष्कर्म पीड़िता ने जहर खाया
बेहट (सहारनपुर)। किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामले की रिपोर्ट तो दर्ज कर ली गई, लेकिन कार्रवाई कोई नहीं हुई। पंचायत ने किशोरी के परिवार पर दबाव बनाकर समझौता करा दिया गया। इसके बाद आरोपी पक्ष, उसके परिवार की एक महिला किशोरी को ताने मारती रही। तानों से परेशान किशोरी ने बृहस्पतिवार सुबह पंचायत की शरण ली तो आरोपी पक्ष ने पंचायत में उनके साथ मारपीट कर दी। आरोपियों के खिलाफ पंचायत और पंच भी मूकदर्शक बने रहे। इसके बाद किशोरी ने घर जाकर जहर खा लिया। किशोरी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
दुष्कर्म का यह घटना थाना मिर्जापुर के एक गांव में गत पांच अक्तूबर को हुई थी। गांव के ही एक युवक ने घर में घुसकर किशोरी (15) के साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। अगले दिन सुबह पीड़िता के पिता ने इस मामले को लेकर आरोपी के पिता से शिकायत की और उसने अपने लड़के का पक्ष लेते हुए उनके साथ मारपीट कर दी। जिसकी शिकायत थाने में की गई। पुलिस ने 10 अक्तूबर को पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। बाद में इस मामले में गांव में पंचायत हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया। आरोप है कि इस मामले को लेकर आरोपी पक्ष पीड़िता और उसके घरवालों को समझौते के बाद से ही ताने देकर परेशान करता आ रहा था। बृहस्पतिवार की सुबह फिर से आरोपी पक्ष ने उनको फिर परेशान किया। इस बात को लेकर पीड़िता और उसके परिवार के लोगों ने पंचायत बुलाकर अपना मामला गांव के लोगों के सामने रखा। पंचायत में हुई मारपीट और तानों से तंग आई पीड़िता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, उसके आधार पर कार्रवाई की जा रही है।