नगर पालिका बोर्ड की पहली बैठक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। इसमें सभी 11 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुए। बैठक में विधायक दिनेश खटीक भी उपस्थित रहे। उन्होंने कई सुझाव रखे। जिनको सभी ने स्वीकृति दी।
नगर पालिका बोर्ड की प्रथम बैठक आरओ प्लांट के ऊपर नवनिर्मित बोर्ड सभाकक्ष में बृहस्पतिवार को संपन्न हुई। इसमें ई गर्वनेंस अंतर्गत वेबसाइट निर्माण एवं कार्यालयों के समस्त विभागों को कंप्यूटराइजेशन/रिकार्डों का डिजिटीलाइजेशन कराए जाने, पथ विक्रेता पुनर्वास हेतु स्थल चयन करने एवं निर्धारित स्थल पर सामान विक्रय कराने, नगरीय ठोस अपशिष्ट प्रबंधन हेतु भूमि का चयन किए जाने तथा भूमि उपलब्धता नहीं होने की दशा में भूमि क्रय करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से हरी झंडी दी गई।
इनके अतिरिक्त भूमि चिह्नित करके रैन बसेरा बनाए जाने, नगर की पथ प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु एलईडी लाइट/विद्युत सामग्री क्रय करने, नगर स्थित चार स्वागत द्वारों पर पूर्व अध्यक्ष/अधिशासी अधिकारी का नाम लिखा है। उनके स्थान पर नए साइन बोर्ड बनवाकर वर्तमान अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी, विधायक के नाम लिखकर चारों स्वागत द्वार लगवाए जाने, नगर की समस्त सड़कों, पुलिया आदि की आवश्यकतानुसार मरम्मत कराने आदि सभी 11 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बैठक में विधायक दिनेश खटीक ने प्रतिमाह बोर्ड बैठक आहूत किए जाने, नगर के स्वागत द्वार का बाबा साहब भीमराम अंबेडकर, स्वतंत्रता सेनानी विष्णु शरण दुबलिश, वीर अब्दुल हमीद, चौ. चरण सिंह के नाम रखे जाने, प्राइमरी पाठशालाओं में आरओ वाटर बच्चों को उपलब्ध कराया जाए, गरीब बस्तियों को चिह्नित कर उनमें बिजली और सड़क की व्यवस्था करने, सफाई और लाइट पर फोकस किया जाए। सफाई कर्मचारी वाल्मीकि होने चाहिए। गंदगी की शिकायत पर मिलने पर संबंधित सफाई कर्मचारी का वेतन काटा जाए। अंतिम यात्रा वाहन बड़ा होना चाहिए। मृत्यु व जन्म प्रमाण पत्र 15 दिन में व्यक्ति के घर पहुंचे आदि के सुझाव रखे। जिस पर सभी बोर्ड सदस्यों ने सहमति जताई। वार्ड नंबर 18 के सभासद शाह आलम ने ईओ पर आरोप लगाया कि ईओ ठीक से बात नहीं करते और न ही संतोषजनक उत्तर देते हैं। बैठक में 12 अधिक सफाईकर्मियों को रखे जाने का मुद्दा उठा। जिस पर ईओ ने कहा कि जनगणना 2011 के आधार पर सफाईकर्मचारी रखे गए हैं। बोर्ड बैठक की शुरुआत में विधायक तथा चेयरमैन अय्यूब कालिया ने सबसे पहले परिचय दिया। इसके बाद एक-एक करके सभी सभासदों ने अपना परिचय दिया। अध्यक्षता चेयरमैन अय्यूब कालिया ने की तथा संचालन ईओ हेमराज ने किया। बैठक में सभी सभासद उपस्थित रहे।
बोर्ड बैठक शुरू होते ही उठकर चले गए बाहरी लोग
बोर्ड बैठक शुरू होने से पहले कई महिला सभासदों के पति भी सभागार में प्रवेश कर गए। वहीं, कुछ बाहरी लोग भी सभागार में थे। बैठक की शुरुआत होते ही ईओ ने कहा कि जो बाहरी लोग हैं वे बाहर चले जाएं। जिसके बाद पति तथा अन्य लोग उठकर चले गए।
विधायक हो गए नाराज
बोर्ड बैठक में विधायक दिनेश खटीक पहले पहुंच गए। हालांकि ईओ बाद में पहुंचे। जिस पर विधायक नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि सभी को प्रोटोकाल का पालन करना चाहिए। भविष्य में इसका ध्यान रखने की चेतावनी दी है।
मुख्य बातें
नवनिर्मित सभा कक्ष में हुई बैठक में विधायक ने र्कई सुझाव भी दिए