मेरठ। ब्लॉक प्रमुख खरखौदा की घेराबंदी शुरू हो गई है। बुधवार को विरोधी खेमे के 34 सदस्यों के शपथपत्र जिलाधिकारी को सौंपकर अविश्वास प्रस्ताव की बात कही गई।
भाजपाइयों ने जिला पंचायत अध्यक्ष, पराग डेयरी चेयरमैन के बाद अब ब्लॉक प्रमुख खरखौदा की कुर्सी को टारगेट किया है। यहां सपा नेता ओमपाल गुर्जर की पत्नी मंजू गुर्जर ब्लॉक प्रमुख हैं। वर्तमान में इस ब्लॉक में गुर्जर सदस्यों की संख्या 8, 18 मुस्लिम, 7 त्यागी, 9 एससी, एक ठाकुर तथा तीन जाट सदस्य हैं। ब्लॉक प्रमुख चुनाव में यहां शमशुद्दीन की पत्नी अंजाना तथा मंजू गुर्जर के बीच कड़ा मुकाबला हुआ था। मंजू गुर्जर को तीस तो अंजाना को 27 वोट मिले थे। ऐसे में इस बार अविश्वास प्रस्ताव का नेतृत्व अंजाना गुट द्वारा ही किया जा रहा है। बताया जा रहा कि भाजपा से पूरा समर्थन मिला है।
बुधवार को इस गुट के 34 सदस्यों के शपथपत्र अविश्वास प्रस्ताव के लिए डीएम को सौंपे गए। इस ब्लॉक में कुल 61 बीडीसी सदस्य हैं। ऐसे में कुल 31 सदस्य ही अविश्वास प्रस्ताव पर मुहर लगाने के लिए काफी हैं। हालांकि ओमपाल गुर्जर और मंजू गुर्जर का दावा है कि उनके पास उनके समर्थित सदस्यों की पूरी संख्या है। आरोप लगाया कि डीएम को सौंपे गए शपथ पत्रों में दस सदस्यों के फर्जी शपथपत्र लगाए गए हैं। जांच होगी तो सारी स्थिति सामने आ जाएगी।
खास बात
- 61 में से 34 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव के लिए डीएम को शपथपत्र सौंपे
- ब्लॉक प्रमुख का आरोप, दस शपथपत्र लगाए हैं फर्जी