गन्ना समिति प्रकरण में डायरेक्टरों और सत्ता पक्ष के दबाव में डायरेक्टर रघुराज की तहरीर पर ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अशोक बाबू के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक द्वारा दर्ज कराई रिपोर्ट में डायरेक्टर की गिरफ्तारी नहीं होने से मामला मंगलवार को बिगड़ सकता है। गन्ना समिति मवाना के कर्मचारियों की हड़ताल अन्य समितियों तक फैल सकती है।
उल्लेखनीय है कि ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अशोक बाबू ने 22 दिसंबर को थाने में डायरेक्टर रघुराज ने आरोप लगाया था कि उनसे डायरेक्टर रघुराज ने अभद्रता और मारपीट की। इस घटना के विरोध के गन्ना समिति के कर्मचारी तालाबंदी कर हड़ताल पर चले गए थे। गन्ना समिति में शनिवार को भी तालाबंदी और हड़ताल रही।
वहीं, उसी दिन डायरेक्टर रघुराज ने भी ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक के खिलाफ तहरीर दी थी। हालांकि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर गन्ना समिति चेयरमैन विनोद भाटी के नेतृत्व में कई डायरेक्टर थाना प्रभारी से मिले थे तथा सत्ता पक्ष के एक नेता से थाना प्रभारी पर रिपोर्ट दर्ज करने के लिए दबाव भी डलवाया। इसके बाद डायरेक्टर रघुराज की तहरीर पर ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक के खिलाफ पुलिस ने देर रात रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस की इस कार्रवाई से आंदोलित गन्ना समिति कर्मचारी और उग्र हो सकते हैं। वे पहले ही कर्मचारियों द्वारा उपजिलाधिकारी को पत्र देकर चेतावनी दे चुके हैं। यदि आरोपी डायरेक्टर की गिरफ्तारी नहीं होती है तो मंगलवार को आंदोलन जिलेभर की समितियों में फैल सकता है।
मुख्य बातें
मवाना गन्ना समिति में डायरेक्टर पर मारपीट करने का आरोप
वरिष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक पहले ही दर्ज करा चुके हैं रिपोर्ट