मवाना नगर में विद्युत निगम द्वारा कुछ स्थानों पर बिजली के ट्रांसफार्मर खुले में तथा नीचे ही रखे गए हैं। जिनसे हादसा होने का अंदेशा बना रहता है। इसके बावजूद विभागीय अधिकारी इस ओर ध्यान देने को तैयार नहीं हैं।
विद्युत निगम द्वारा नगर में कई स्थानों पर बिजली के ट्रांसफार्मर रखे गए हैं। ये काफी समय से खुले में रखे हुए हैं। ऊर्जा निगम अधिकारियों ने ट्रांसफार्मरों के स्थान और सुरक्षा की बाबत ध्यान देना गवारा नहीं किया है। जिनसे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
मखदूमपुर बस स्टैंड के निकट स्थित शौचालय के समीप बिजली का ट्रांसफार्मर नीचे तथा खुले में रखा हुआ है। इसके तारों की चपेट में आसानी से कोई मासूम अथवा जानवर आ सकता है। वहीं, कुछ स्थानों पर बिजली के खंभे तिरछे होकर मकानों को छू रहे हैं। जिनसे कभी भी हादसा हो सकता है। इसके आज तक अधिकारियों ने इस ओर ध्यान देना गवारा नहीं किया है। शायद विभागीय अधिकारियों को हादसा होने का इंतजार है। इसके बाद ही विभागीय अधिकारियों की कुंभकर्णी नींद खुलेगी। इस संबंध में विद्युत निगम के एसडीओ योगेंद्र बजाज का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। वे इसकी जांच कराकर कार्रवाई करेंगे।
मुख्य बातें
ऊर्जा निगम के अधिकारी इस तरफ नहीं दे रहे ध्यान
कई मोहल्ले में झुके खंभे मकानों का छू रहे