मोदीपुरम। रात के तापमान में लगातार हो रही गिरावट से सर्दी का सितम बढ़ रहा है। जबकि इसके मुकाबले दिन में मौसम अभी सुहाना बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी रातें और भी सर्द होंगी जिसका असर धीरे-धीरे दिन में देखने को मिलेगा।
मौसम में चल रहे उतार चढ़ाव के बीच न्यूनतम तापमान एक बार फिर से सामान्य से नीचे पहुंच गया है। दिन में भले ही धूप खिलने से अभी राहत हो। लेकिन शाम होते ही सर्दी का असर बढ़ रहा है। रात का तापमान पिछले कई दिन से 9 डिग्री से नीचे चल रहा है। 26 नवंबर को पहली बार रात का तापमान 8.2 डिग्री पर पहुंच गया था। अब दिसंबर के शुरू होते ही तापमान दो डिग्री तक गिर गया। जबकि शुक्रवार को दिन का तापमान 25.6 डिग्री था जो शनिवार को करीब एक डिग्री बढ़ गया।
शनिवार को मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 89 व न्यूनतम 43 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि अभी रात के तापमान में ही ज्यादा गिरावट संभव है। दिन में न तो ज्यादा गर्मी है और न ज्यादा ठंड। आने वाले 48 से 72 घंटे के बीच में रात में तापमान गिरेगा। जिससे ठंड में भी इजाफा होगा और मौसम में भी बदलाव आएगा।
- न्यूनतम तापमान पहुंचा सात डिग्री, अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़ा