मोदीपुरम। पार्षद पद के प्रत्याशियों ने रविवार को चुनाव प्रचार के दौरान आदर्श चुनाव आचार संहिता की धज्जियां उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। पल्हैडा चौराहे पर काफिलों के साथ कई बार निकाले गए जुलूसों से हाईवे पर भीषण जाम लगा रहा। जिससे सैकड़ों यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
नगर निगम पार्षद पद के चुनाव प्रचार का अंतिम दौर चल रहा है। पल्लवपुरम क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे सभी प्रत्याशियों ने बारी-बारी से जुलूस निकाले। प्रत्याशी जब काफिले के साथ जुलूस लेकर हाईवे पर निकले तो पल्हैड़ा चौराहा और आसपास का एरिया घंटों जाम रहा। हाईवे पर दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सर्विस रोड भी जाम होने से हालात और खराब हो गए। सुबह से लेकर शाम तक हाईवे पर जाम लगता रहा। लेकिन पुलिस नदारद थी। वाहनों के पहिए हाइवे पर थमने के कारण यात्रियों को परेशानी से गुजरना पड़ा। प्रत्याशियों ने भी अपने जुलूसों में आचार संहिता की जमकर धज्जियां उड़ाईं। इन प्रत्याशियों के जुलूसों में बिना अनुमति के सैकड़ों की तादाद में वाहन दिखाई दिए। हाईवे भी बाधित रहा। देर शाम तक हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए।