कोतवाली पर रविवार को एसडीएम सरधना राकेश कुमार सिंह एवं सीओ संतोष कुमार ने थानाध्यक्ष धर्मेद्र सिंह राठौर के साथ चेयरमैन एवं वार्ड अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के साथ कानून व्यवस्था के संबंध में मीटिंग ली।
इसमें 22 नवंबर को होने वाले मतदान के दौरान नगर में आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने इस बाबत प्रत्याशियों के साथ भी चर्चा की। एसडीएम ने अपने संबोधन में सरलता और कठोरता दोनों तरह के शब्दों का इस्तेमाल कर चुनाव शांतिपूर्वक कराने के लिए लोगों से कहा। वहीं, आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने एवं कानून व्यवस्था को पलीता लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। ऐसे लोगों पर मुकदमा दर्ज कराकर रासुका लगाई जाएगी। सीओ ने भी प्रत्याशियों को आदर्श आचार संहिता का पाठ पढ़ाया और चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने की अपील की। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि चुनाव में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर रासुका के तहत कार्रवाई की जायेगी। वोटरों को धमकाने और प्रलोभन देने वालों पर भी कार्रवाई होगी। मीटिंग में महिला चेयरमैन पद की प्रत्याशी के पति ने विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि यदि पुलिस प्रशासन ने विधायक के दबाव में काम किया तो परिणाम ठीक नहीं होगा। कानून का पालन करते हुए अधिकारियों को निष्पक्षता से काम करना होगा। यहां संजीव कुमार, निजाम अंसारी, सिराजुद्दीन, अहसान के साथ वार्ड सभासद पद के प्रत्याशी भी शामिल हुए।
मतदान शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस फोर्स बूथों पर तैनात किया जायेगा। वहीं, चुनाव में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी।-राकेश कुमार सिंह, एसडीएम सरधना
दबाव में काम किया तो करा दूंगा बवाल
कोतवाली में बुलाई मीटिंग के दौरान चेयरमैन पद की महिला प्रत्याशी के पति ने पुलिस प्रशासन पर विधानसभा चुनाव के दौरान विधायक के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। उसने चेतावनी दी कि यदि इस बार भी दबाव में काम किया तो वह कस्बे में बड़ा बवाल करा देगा। इस संबंध में एसडीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मीटिंग के बाद किसी ने क्या कहा उसकी उन्हें जानकारी नहीं है। यदि कोई कानून व्यवस्था को भंग करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।