निकाय चुनाव में मतदान के दौरान कोई गड़बड़ी न हो, इससे निपटने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सतर्कता बरत रहे हैं। जिलाधिकारी समीर वर्मा एवं एसएसपी मंजिल सैनी ने बृहस्पतिवार को नगर पंचायत लावड़ के अध्यक्ष एवं सभासद प्रत्याशियों की बैठक ली। यहां जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्याशी आचार संहिता का पूरी तरह से पालन करें। फर्जी मतदान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जो भी फर्जी मतदान करता या कराता हुआ पकड़ा गया उसे जेल भेज दिया जाएगा।
नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी समीर वर्मा ने कहा कि प्रत्याशी आचार संहिता का अवश्य पालन करें। यदि किसी भी प्रत्याशी ने आचार संहिता का उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी मंजिल सैनी ने कहा कि चुनाव में उपद्रव करने वालों को पुलिस चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी। मतदान के दिन किसी तरह का झगड़ा और फसाद न हो। इसके लिए पुलिस सतर्कता बरते। फर्जी मतदान की आशंका वालने बूथों को चिह्नित किया जाए। वहां पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इस दौरान कई प्रत्याशियों ने चुनाव कार्यालय खोलने में आ रही दिक्कत को अधिकारियों के समक्ष रखा। इस पर अधिकारियों ने उनकी समस्या का हल कराने का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त प्रत्याशियों को चिह्नित कर लाल कार्ड उपलब्ध कराने का लावड़ पुलिस को निर्देश दिया। इस दौरान प्रत्याशी हाजी शकील, डा. इकबाल मलिक, हाजी खुर्शीद, हारुन, महकार सैनी, दाताराम, खुशनूद सैफी, जर्रार अहमद, सुवीब रजा, शमशाद रिजवी आदि मौजूद रहे।
बवाल कराने वाले लिए जाएंगे हिरासत में
डीएम समीर वर्मा और एसएसपी मंजिल सैनी की इस बैठक में एसडीएम सरधना राकेश कुमार, सीओ सदर देहात हंसराज, ईओ पवित्रा त्रिपाठी, एसओ इंचौली पंकज शर्मा, चौकी प्रभारी लावड़ विकास चौहान आदि मौजूद रहे। डीएम समीर वर्मा ने विधानसभा चुनाव के दौरान कस्बे में हुए झगड़े और बवाल को कराने के आरोपियों को चिह्नित कर उन पर नजर रखने की बात कही। यदि कोई जानकारी मिले उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए चौकी प्रभारी को निर्देश दिए।
मुख्य बातें
लावड़ में डीएम और एसएसपी ने प्रत्याशियों के साथ बैठक की