मेरठ। कैंट बोर्ड के स्वच्छता पखवाड़े के तहत शुक्रवार को माल रोड पर सफाई अभियान चला। पश्चिम यूपी सब एरिया हेड क्वार्टर, कैंट बोर्ड और एनीसीसी ग्रुप मुख्यालय के अधिकारियों के साथ एनसीसी कैडेट्स ने मिलकर सफाई की। वहीं बारिश के कारण अभियान में परेशानी हुई।
कैंट बोर्ड ने 15 सितंबर से 2 अक्तूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा शुरू किया है। अभियान की थीम ‘स्वच्छता ही सेवा’ रखी गई है। शनिवार को अभियान सब एरिया कैंटीन चौराहे से शुरू होकर एनसीसी ग्रुप मुख्यालय तक चला। कैंट बोर्ड सीईओ राजीव श्रीवास्तव, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय के कमांडेंट ब्रिगेडियर यशपाल सिंह और एडम कमांडेंट कर्नल रोहित पंत मौजूद रहे। 700 एनसीसी कैडेट्स और शिक्षण संस्थाएं अभियान में साथ दे रही हैं। टीम ने माल रोड के किनारे जमा गंदगी हटाई गई। घास साफ की, पेड़ के जो तने सड़क की ओर झुक रहे थे, उनको हटाया गया। अभियान कैंटीन चौराहे से टैंक चौराहा और लालकुर्ती थाने के सामने से होते हुए सेहरावत चौक तक पहुंचा। यहां से एनसीसी मुख्यालय तक सड़क साफ की गई। सफाई कार्य में सुबह टहलने आने वाले लोगों ने भी सहयोग दिया। कैंट बोर्ड ने सफाई और स्वच्छता को लेकर छावनी क्षेत्र में स्लोगन लगाए हैं।