खरखौदा। विद्युत निगम द्वारा क्षेत्र के आसपास के सभी गांवों में मीटर लगाये जा चुके हैं। इसके बावजूद ग्रामीण लाइन पर कटिया डालकर बिजली चोरी कर रहे हैं। वहीं, टीम ने बुधवार को छापेमारी कर उनके केबल जब्त कर लिये तथा थाने में तहरीर दी है।
विद्युत निगम के खरखौदा उपकेंद्र के जेई जयवीर सिंह के अनुसार क्षेत्र के सभी गांवों में मीटर लगाने का कार्य लगभग पूर्ण हो गया है। सभी के मीटर चालू कर दिए हैं। वहीं, गांव बिजौली में भी मीटर लगने के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई है। बुधवार को निगम की टीम बिजौली में छापेमारी करने पहुंची। उसने अशोक, जोनी, सुधीर त्यागी, सुभाष त्यागी, नवीन, राजबल, मुनीम खां, सत्यप्रकाश, नरेश, टेकचंद, राकेश, संजय, नरेश कुमार, सचिन, मीनू, मटरू आदि के यहां विद्युत मीटर लगाए जाने के बावजूद बिजली चोरी पकड़ी। वहीं, गांव बिजौली निवासी देवदत्त पर बकाया होने के कारण कनेक्शन काटकर केबल जब्त कर लिया। उधर, गांव बहरानपुर निवासी योगेंद्र निजी नलकूप चलाता मिला। वहीं, अजीराम कनेक्शन काटे जाने के बाद भी कटिया डालकर बिजली चोरी करते पकड़ा। उधर, गांव खंदावली निवासी सुभाष भी लाइन से सीधी कटिया डालकर निजी नलकूप चलाता मिला। जेई ने सभी के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।